देश

Video: 21 साल पहले माणा गांव से ही मोदी ने देखा था भविष्य का ये सपना, अब PM बन कर रहे पूरा

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 22, 2022, 02:10 AM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चमोली जिले के माणा गांव में विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी। यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि माणा गांव, भारत के अंतिम गांव के रूप में जाना जाता है। लेकिन उनके लिए सीमा पर बसा हर गांव, देश का पहला गांव है।

पीएम मोदी शुक्रवार को उत्तराखंड के दौरे पर हैं। इस दौरान वो बद्रीनाथ धाम गए, जहां उन्होंने पूजा अर्चना की और फिर उसके बाद माणा गांव पहुंचे। यह गांव चीन की सीमा से सटा है और इसका अपना पौराणिक महत्व है। कहा जाता है कि पांडव यहीं से होकर स्वर्ग गए थे। यहां पीएम ने एक जनसभा को संबोधित किया और कहा कि पर्यटन का नया युग शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि वो ऐसी स्थिति ला देंगे कि पर्यटक माणा गांव तक आने लगेंगे।

2001 का दौरा

पीएम मोदी का यह दौरा, उनके 2001 के दौरे की याद दिला रहा है। तब पीएम मोदी, सिर्फ बीजेपी के एक नेता थे। गुजरात के सीएम भी नहीं थे। 13 मई 2001 को नरेंद्र मोदी माणा गांव पहुंचे थे। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में मोदी तब पर्यटन को बढ़ावा देने की ही बात कर रहे हैं। मोदी इस बात पर जोर दे रहे हैं कि उत्तराखंड में पर्यटन की आपार संभावनाएं हैं, करोड़ों का बाजार है। इस पर फोकस किया जाना चाहिए।

तब क्या कहा था मोदी ने

मोदी कह रहे हैं- "उत्तरांचल (अब का उत्तरखंड) हमने बनाया.. हम कहते हैं कि छोटे राज्य बेकार हैं, उद्योगों को अवसर नहीं मिला है। हमे इस परिस्थिति को पलटना है। उत्तरांचली की पहचान बनानी है। हम यहां टूरिज्म को दो हिस्सों में करना चाहते हैं। एक धार्मिक टूरिज्म, धार्मिक टूरिज्म को बरकरार रखना है। उसके साथ-साथ आज की पीढ़ी का भी ख्याल रखना है। उत्तरांचल के पास 100 करोड़ लोगों का बाजार है। इस देश में पैदा होने वाला हर नागरिक गंगा का गोता खाने के लिए आना चाहता है। इस देश में पैदा हुआ हर नागरिक मौका पड़े तो माता-पिता को बद्रीनाथ-केदारनाथ ले जाना चाहता है।"

सपना हो रहा पूरा

पीएम मोदी ने तब जो भविष्य का सपना देखा था और उसे पूरा करने की अपील की थी, वो अब वो पूरा कर रहे हैं। पीएम बनने के बाद मोदी उत्तराखंड में कई धार्मिक पर्यटनों का विकास करवा चुके हैं। केदारनाथ से लेकर बद्रीनाथ धाम तक में विकास कार्यों की एक लंबी लिस्ट पर कार्य प्रगति पर है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article