पीएम मोदी आज बंगाल के दौरे पर हैं। यहां उन्होंने कोलकाता में 18,680 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। पीएम मोदी बंगाल को जिन परियोजनाओं की सौगात दी है उनमें सड़क, रेलवे, बंदरगाह और जहाजरानी से जुड़े कई अहम काम शामिल हैं। इस दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी बंगाल की ममता सरकार पर भी जमकर बरसे। उन्होंने अपने संबोधन के दौरान ममता सरकार को तानाशाही करार देते हुए कहा कि जल्द ही बंगाल में सरकार बदलने वाली है और यहां कानून का राज होगा।
इससे पहले पीएम मोदी ने पुरुलिया-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई व अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पश्चिम बंगाल के छह पुनर्निर्मित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया। इस दौरान अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि आज कोलकाता की धरती से पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। सड़क, रेलवे और पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर, इनसे जुड़ी 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। ये परियोजनाएं पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत को नई रफ्तार देंगे। इनसे व्यापार और उद्योग को बढ़ावा मिलेगा, लाखों लोगों का जीवन आसान होगा।
उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश में रेलवे को आधुनिक बनाने का तेज अभियान चल रहा है। हमारा यह संकल्प है कि पश्चिम बंगाल इस अभियान में पीछे न रहे इसलिए केंद्र सरकार पश्चिम बंगाल के रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर का तेज विस्तार करने का प्रयास कर रही है... आज 6 स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन के रूप में पुनर्विकास भी हुआ है।
अपने दौरे के दौरान वे कोलकाता में भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा में भी शामिल हुए। जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परिवर्तन संकल्प यात्रा में कहा कि ब्रिगेड परेड ग्राउंड का इतिहास साक्षी है जब-जब बंगाल देश को दिशा देता है, यह ब्रिगेड मैदान बंगाल की आवाज बनता है। इस मैदान से अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उठी आवाज हिंदुस्तान में क्रांति बन गई थी और उसका नतीजा क्या हुआ, अंग्रेजों के अत्याचार और लूट का खात्मा हुआ। आज यहां से नए बंगाल की क्रांति का बिगुल बज गया है। बंगाल में बदलाव अब दीवारों पर भी लिख चुका है और बंगाल के लोगों के दिलों में भी छप चुका है।
उन्होंने कहा कि अब बंगाल से निर्मम सरकार का अंत होकर रहेगा। अब बंगाल से महाजंगलराज का खात्मा होगा। कल TMC ने इस रैली में आने वाले आप सभी लोगों को 'चोर' कहकर गाली दी है, असली चोर कौन है यह बंगाल की प्रबुद्ध जनता जानती है। अपनी कुर्सी जाते हुए देखकर यहां की निर्मम सरकार बौखला गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज भी इस विशाल सभा को रोकने के लिए निर्मम सरकार ने सारे हथियार निकाल लिए। आप लोगों को आने से रोकने के लिए ब्रिज बंद करवा दिए, गाड़ियां रुकवा दी, ट्रैफिक जाम करवाया, भाजपा के झंडे उखड़वा दिए, पोस्टर निकलवाए लेकिन निर्मम सरकार साफ-साफ देख लो- आज के जनसैलाब को रोक नहीं पाई हो। बंगाल में महाजंगलराज लाने वालों का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। वह दिन दूर नहीं जब बंगाल में फिर से कानून का राज होगा।
