PM Modi Inaugurates UER-II: प्रधानमंत्री मोदी ने आज देश को दो राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का तोहफा दिया। पीएम मोदी ने लगभग 11,000 करोड़ रुपये की लागत वाली दो राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस परियोजना के पूरा के होने के बाद दिल्ली-एनसीआर को जाम से मुक्ति मिलेगी। प्रोजेक्ट का उद्देश्य कनेक्टिविटी में व्यापक सुधार, यात्रा समय में कमी और दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में यातायात को कम करना है।
पीएम मोदी बोले- पूरा माहौल बहुत कृष्णमय हो गया है
द्वारका एक्सप्रेसवे के दिल्ली खंड और शहरी विस्तार रोड-II (UER-II) का उद्घाटन करने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि इस एक्सप्रेसवे का नाम द्वारका है, जिस स्थान पर यह कार्यक्रम हो रहा है वह रोहिणी है। मैं भी द्वारकाधीश की धरती से ताल्लुक रखता हूं...पूरा माहौल बहुत कृष्णमय हो गया है।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां रोड शो किया साथ ही द्वारका एक्सप्रेसवे के दिल्ली खंड और शहरी विस्तार सड़क-II (UER-II) के निर्माण श्रमिकों से बातचीत की। ये परियोजनाएं- द्वारका एक्सप्रेसवे का दिल्ली खंड और शहरी विस्तार सड़क-II (UER-II), राजधानी में भीड़भाड़ कम करने की सरकार की व्यापक योजना के तहत विकसित की गई हैं, जिसका उद्देश्य कनेक्टिविटी में व्यापक सुधार, यात्रा समय में कमी और दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में यातायात को कम करना है।
यह अगस्त महीना आजादी और क्रांति के रंगों में रंगा है
नरेंद्र मोदी ने कहा, यह अगस्त महीना आजादी और क्रांति के रंगों में रंगा है। आजादी के इस उत्सव के बीच आज देश की राजधानी दिल्ली, विकास की क्रांति की साक्षी बन रही है। थोड़ी देर पहले ही दिल्ली को द्वारका एक्सप्रेसवे और अर्बन एक्सटेंशन रोड की कनेक्टिविटी मिली है। इससे दिल्ली, गुरुग्राम, पूरे एनसीआर के लोगों की सुविधा बढ़ेगी। 15 अगस्त को लाल किले से मैंने देश की अर्थव्यवस्था, देश की आत्मनिर्भरता और देश के आत्मविश्वास की बात पूरे विश्वास के साथ कही थी। जब दुनिया भारत को देखती है और उसका मूल्यांकन करती है, तो उसकी पहली नजर हमारी राजधानी दिल्ली पर पड़ती है। इसलिए, हमें दिल्ली को विकास का एक ऐसा मॉडल बनाना है, जहां सभी को लगे कि हां, यह एक विकासशील भारत की राजधानी है।
दिल्ली को कूड़े के पहाड़ों से मुक्त करने में मदद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, अर्बन एक्सटेंशन रोड की एक और विशेषता है, यह दिल्ली को कूड़े के पहाड़ों से मुक्त करने में मदद कर रही है। अर्बन एक्सटेंशन रोड के निर्माण में लाखों टन कचरे का इस्तेमाल किया गया है। कूड़े के पहाड़ों को कम करके, अपशिष्ट पदार्थों का उपयोग सड़क निर्माण में किया गया है, और यह वैज्ञानिक तरीके से किया गया है। भलस्वा लैंडफिल पास ही स्थित है। हम सभी जानते हैं कि यहाँ आसपास रहने वाले परिवारों के लिए कितनी समस्याएं हैं। हमारी सरकार दिल्ली के लोगों को ऐसी हर समस्या से मुक्त करने में लगी हुई है।
