देश

पश्चिम एशिया में बढ़ते जंगी माहौल के बीच PM मोदी ने कुवैत के अमीर से फोन पर की बात; इन मुद्दों पर हुआ गहरा मंथन

पश्चिम एशिया में जंग के बीच पीएम मोदी और कुवैत के अमीर ने फोन पर बात की। इस दौरान दोनों के बीच ईरान-अमेरिका इजरायल के बीच शांति स्थापना सहित कुवैत में भारतीय प्रवासियों की सुरक्षा पर भी बात हुई।

Image

पीएम मोदी ने कुवैत के अमीर से की फोन पर बात।

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुवैत के अमीर शेख मेशाल अल-अहमद अल-जाबेर अल सबाह से टेलीफोन पर वार्ता ती है। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच पश्चिम एशिया में बदलती सुरक्षा स्थिति पर विमर्श किया गया। कुवैत के अमीर से बात करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने तनाव बढ़ने पर गहरी चिंता व्यक्त की। इतना ही नहीं उन्होंने कुवैत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता पर हुए हमलों को लेकर भारत की ओर से कड़ी निंदा दोहराई।

फोन पर क्या हुई बात?

फोन पर वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने शांति और स्थिरता की शीघ्र बहाली के लिए तनाव कम करने, संवाद और कूटनीति का आह्वान किया। उन्होंने कुवैत में रहने वाले विशाल भारतीय समुदाय की निरंतर कुशलता और सुरक्षा के को लेकर भी अमीर शेख मेशाल अल-अहमद अल-जाबेर अल सबाह का धन्यवाद दिया।

दोनों नेताओं की यह बातचीत, 3 जून को कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए ईरानी हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत होने के कुछ दिनों बाद हुई है। यह हमला इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच हुआ था। इससे पहले, 30 मार्च को कुवैत में एक विद्युत और जल विलवणीकरण संयंत्र पर ईरानी हमलों में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई थी।

भारत ने हमले की निंदा की

इस हमले की भारतीय विदेश मंत्रालय ने निंदा की थी। भारत ने कहा था कि हम कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हैं, जिसमें एक भारतीय नागरिक की मृत्यु हो गई और हमारे कई नागरिक घायल हो गए। पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद से, हमने बार-बार आग्रह किया है कि नागरिक आबादी और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए।

क्षेत्र में तनाव चरम पर

दोनों नेताओं की इस वार्ता से एक दिन पहले ही ईरान और इजराइल ने नाजुक युद्धविराम लागू होने के बाद पहली बार एक-दूसरे पर गोलीबारी की थी। जिसके बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया था। बता दें कि अमेरिका और इजराइल द्वारा 28 फरवरी को ईरान पर हमले किए जाने के बाद से शुरू हुए युद्ध ने दुनिया की अर्थव्यवस्था को हिलाकर रख दिया है। इससे दुनियाभर में ईंधन की कीमतें बढ़ी हैं और कई अन्य आवश्यक वस्तुएं भी महंगी हो गई हैं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article