देश

हमारा प्रयास है कि हर क्षेत्र में महिलाएं आत्मनिर्भर बनें- 71,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र बांट बोले पीएम मोदी

यह रोजगार मेला देश भर में 45 स्थानों पर आयोजित किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को केन्द्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में नियुक्त किया जाएगा। इनमें गृह मंत्रालय, डाक विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा शामिल हैं।

Image

मोदी ने रोजगार मेले में 71,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपा

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • पीएम मोदी ने रोजगार मेले में बांटे नियुक्ति पत्र
  • 70 हजार से ज्यादा युवाओं को मिली नौकरी
  • कई विभागों में युवाओं को मिली नौकरी

पीएम मोदी ने आज देशभर के 71 हजार युवाओं को रोजगार मेले में नियुक्ति पत्र बांटे। इस दौरान उन्होंने उन्हें संबोधित भी किया। पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उन्हें संबोधित करते हुए कहा कि सरकार का प्रयास है कि हर क्षेत्र में महिलाएं आत्मनिर्भर बनें।

रोजगार मेले में बांटे नियुक्ति पत्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 'रोजगार मेला' के तहत सरकारी विभागों और संगठनों में चयनित 71,000 से अधिक कर्मियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, "आज आपके जीवन की नई शुरुआत हो रही है। आपकी वर्षों की मेहनत सफल हुई है। 2024 का ये साल आपको और आपके परिजनों को नई खुशियां देकर जा रहा है। मैं आप सभी को बधाई देता हूं। पिछले दस सालों से सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और संस्थाओं में सरकारी नौकरी देने का अभियान चल रहा है। आज भी 71,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। बीते डेढ़ साल में करीब दस लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। ये अपने आप में रिकॉर्ड है। आज भारत का युवा, नए आत्मविश्वास से भरा हुआ है। वो हर सेक्टर में अपना परचम लहरा रहा है। भारत के युवाओं की क्षमता और प्रतिभा का पूरा उपयोग हमारी सरकार की प्राथमिकता है।"

पीएम मोदी का संबोधन

उन्होंने आगे कहा कि अंतरिक्ष से लेकर रक्षा तक, पर्यटन से लेकर वेलनेस तक, आज भारत हर क्षेत्र में प्रगति की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। राष्ट्र में सच्चा विकास सुनिश्चित करने के लिए हमें 'युवा प्रतिभा' को निखारने की जरूरत है और यह जिम्मेदारी वास्तव में शिक्षा प्रणाली पर है। पहले पाबंदियों के कारण जो शिक्षा व्यवस्था छात्रों पर बोझ बन जाती थी, वो अब उन्हें नए विकल्प दे रही है। अटल टिंकरिंग लैब्स और आधुनिक पीएम श्री स्कूलों के जरिए बचपन से ही इनोवेटिव माइंडसेट को गढ़ा जा रहा है। आज यहां हजारों बेटियों को भी नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। आपकी सफलता दूसरी महिलाओं को प्रेरित करेगी। हमारा प्रयास है कि हर क्षेत्र में महिलाएं आत्मनिर्भर बनें।

गिनाई सरकार की उपलब्धियां

पीएम मोदी ने आगे कहा कि भाषा एक समय हाशिए पर रहने वाले समुदायों के लिए शिक्षा में एक महत्वपूर्ण बाधा थी। हालांकि हमने इस अंतर को पाटने के लिए अपनी नीतियों में क्रांति ला दी है। आज छात्र 13 भाषाओं में से किसी एक में परीक्षा देना चुन सकते हैं। भारत ने 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया है। हमें इस संकल्प पर भरोसा है इस लक्ष्य की प्राप्ति का विश्वास है। आज भारत का युवा नए आत्मविश्वास से भरा हुआ है और वो हर सेक्टर में अपना परचम लहरा रहा है। आज हम दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गए हैं।

IANS से इनपुट के साथ

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article