बिजनेस

क्रूड ने बढ़ाई टेंशन तो धड़ाम हुआ रुपया! 1 डॉलर का भाव अब इतना पहुंचा

कच्चे तेल की कीमत में तेजी से रुपये में आज बड़ी गिरावट आई। हूती के हमलों से कच्चे तेल की कीमत में बड़ा उछाल आया है।

Image

डॉलर के मुकाबले रुपया

घरेलू शेयर बाजार में गिरावट और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच रुपया गुरुवार को 44 पैसे टूटकर 94.82 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, घरेलू शेयर बाजार में सुस्ती और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण रुपये की शुरुआत स्थिर से कमजोर रुख के साथ हुई। हूती द्वारा सऊदी अरब पर ताजा हमले से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल कीमत 112 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है। एक्सपर्ट ने बताया कि यमन के हूती विद्रोहियों के सऊदी अरब के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हमले तेज करने से वैश्विक बाजारों की धारणा प्रभावित हुई। हालांकि, डॉलर सूचकांक में नरमी और अमेरिकी बॉण्ड पर प्रतिफल में गिरावट से रुपये की कमजोरी कुछ सीमित रही।

कमजोर खुला था रुपया

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.47 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह कमजोर होकर 94.94 प्रति डॉलर के निचले स्तर तक आ गया और अंत में पिछले बंद भाव से 44 पैसे की गिरावट के साथ 94.82 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा। रुपया बुधवार को 53 पैसे मजबूत होकर 94.38 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.17 प्रतिशत के नुकसान के साथ 101.60 पर कारोबार कर रहा था।

कच्चे तेल में और उछाल की आशंका

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि जियो प्लेटफॉर्म्स के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के बाद निकट अवधि में डॉलर की उपलब्धता बेहतर हुई है। अमेरिका के साथ व्यापार समझौते की उम्मीदों से भी विदेशी मुद्रा का प्रवाह बढ़ने की संभावना है। हालांकि, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की ओर से फिर से निकासी बढ़ने या कच्चे तेल की कीमतें 120 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंचने पर यह स्थिरता प्रभावित हो सकती है। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 3.23 प्रतिशत बढ़कर 112.33 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

शेयर बाजार में भी गिरावट

एसबीआई सिक्योरिटीज में मौलिक शोध प्रमुख सनी अग्रवाल ने कहा, सऊदी अरामको के तेल क्षेत्र पर हमलों और अमेरिकी मध्यावधि चुनाव के बाद पश्चिम एशिया संघर्ष बढ़ने की खबरों के बाद ब्रेंट क्रूड की कीमतों में करीब तीन प्रतिशत की तेजी आई। घरेलू शेयर बाजार में बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 460.30 अंक की गिरावट के साथ 73,249.39 अंक पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 123.70 अंक टूटकर 22,687.65 अंक पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को शुद्ध रूप से 1,022.32 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article