प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर वैश्विक स्तर पर सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में उभरे हैं। अमेरिकी डेटा एनालिटिक्स फर्म मॉर्निंग कंसल्ट के ताजा सर्वे के मुताबिक, पीएम मोदी को 68 प्रतिशत अप्रूवल रेटिंग मिली है। जिसके चलते वे दुनिया के शीर्ष नेताओं की सूची में पहले स्थान पर बने हुए हैं।
यह सर्वे 2 से 8 मार्च के बीच किया गया था,जिसमें विभिन्न देशों के वयस्कों की राय के आधार पर यह रैंकिंग तैयार की गई। खास बात यह है कि लगातार तीसरी बार सत्ता में रहने के बावजूद पीएम मोदी की लोकप्रियता में कोई खास गिरावट नहीं आई है,जो उनके नेतृत्व की स्वीकार्यता को दर्शाती है।
इस सूची में दूसरे स्थान पर स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाय पारमेलिन और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग रहे, जिन्हें 62-62 प्रतिशत अप्रूवल रेटिंग मिली। वहीं तीसरे और चौथे स्थान पर क्रमशः चेक गणराज्य और अर्जेंटीना के नेता रहे, जिनकी रेटिंग 57 और 56 प्रतिशत रही।
वहीं, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस सूची में टॉप-10 में भी जगह नहीं बना सके और उन्हें केवल 39 प्रतिशत अप्रूवल रेटिंग मिली। इसी तरह ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर को 24 प्रतिशत और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को मात्र 17 प्रतिशत रेटिंग मिली, जिससे वे सूची में काफी पीछे रहे।
गौरतलब है कि पीएम मोदी ने हाल ही में भारतीय राजनीति में एक और बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है। गुजरात के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल को मिलाकर उन्होंने कुल 8,931 दिनों का नेतृत्व पूरा कर लिया है और अब वे देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रमुख बन गए हैं। मॉर्निंग कंसल्ट की यह रेटिंग सात दिन के मूविंग एवरेज पर आधारित होती है, जो वैश्विक नेताओं की लोकप्रियता का एक प्रमुख संकेतक मानी जाती है।
