देश

Mann Ki Baat: 'समुद्र से लेकर आकाश तक भारत सुरक्षित,' सोना-पेट्रोल पर दिख रहा अपील का असर'; मन की बात कार्यक्रम में बोले PM मोदी

Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में देश की हालिया उपलब्धियों और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में हुई प्रगति का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि साल 2026 के पहले छह महीनों में देश ने कई ऐसे मुकाम हासिल किए हैं जो हर भारतीय के लिए गर्व की बात हैं। पीएम मोदी ने भारतीय नौसेना में शामिल हुए स्वदेशी युद्धपोत INS दूनागिरी, INS संशोधक और INS अग्रय का उल्लेख करते हुए कहा कि इनकी डिजाइन से लेकर निर्माण तक सब कुछ भारत में हुआ है।

Image

प्रधानमंत्री मोदी ‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड में आज देश को संबोधित किया। PM Modi X handle

PM Modi Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' कार्यक्रम के जरिए अपने विचार साझा किए। पीएम मोदी ने साल 2026 के 6 महिनों में हमने मन की बात में देशवासियों की अनेक उपलब्धियों पर चर्चा की है। पीएम मोदी ने देश से लेकर वैश्विक मौजूदा हालात को लेकर जानकारी साझा की। प्रधानमंत्री ने कहा कि समुद्र से लेकर आकाश तक भारत सुरक्षित है। हम मिलकर वैश्विक संकट का मुकाबले कर रहे हैं।

जून में भी देश ने कुछ ऐसी उपलब्धियां हासिल की है, जो हर देशवासी को गर्व से भर देती है। ये सफलताएं देश की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता से जुड़ी हैं। पीएम मोदी ने कहा,"हाल ही में मुझे कोलकाता में नौ-सेना से जुड़े एक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला। वहां आईएनएस (INS)दूनागिरी, INS संशोधक और INS अग्रय को भारतीय नौ-सेना के बेड़े में शामिल किया गया। इन जहाजों की डिजाइन और मैन्युफैक्चरिंग तक, सब कुछ स्वदेशी है।

जून के महीने में ही एविएशन सेक्टर में भी देश ने एक बड़ी सफलता पाई। C-295, ये विमान 'मेड इन इंडिया' है और C-295 विमान ने अपनी पहली उड़ान पूरी की है, और ऐसे 40 विमान, भारत में ही बनाए जा रहे हैं। इससे MSME और एयरोस्पेस सेक्टर को नई शक्ति मिल रही है। रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं।

'सोना, पेट्रोल पर दिख रहा अपील का असर'

प्रधानमंत्री ने कहा,"सोना नहीं खरीदने, पेट्रोल-डीजल बचाने वाली अपील के असर पर चर्चा की. पीएम मोदी ने कहा, 'देश के हर नागरिक का आभारी हूं कि मेरी अपील का उन्होंने न सिर्फ समर्थन किया बल्कि उसमें सहयोग कर रहे हैं। कई परिवारों ने अपने अनुभव मेरे साथ साझा किए हैं। कई परिवारों ने तय किया है कि घर के विवाह में सोना नहीं खरीदेंगे। जरूरत हुई तो वे पुराने सोने को ही रिसाइकल करेंगे. कई लोगों ने कार पूलिंग के अनुभव भी साझा किए हैं।"

दुनिया के 2500 से अधिक स्थानों पर योग कार्यक्रम का हुआ आयोजन

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "इस बार दुनिया के 2500 से अधिक स्थानों पर योग के अनेक विविध कार्यक्रम हुए। हमारे देश में करोड़ों लोगों ने स्थान-स्थान पर योग कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।इस महीने, अहमदाबाद में आयोजित 'विश्व योगासन चैम्पियनशिप' की भी बड़ी चर्चा हुई। इसमें भारत ने कुल 114 पदक जीते हैं, इनमें 102 गोल्ड मेडल भी शामिल हैं। भारत इस चैम्पियनशिप की पदक तालिका में पहले स्थान पर रहा।"

पीएम मोदी ने शादी समारोह का किया जिक्र

पीएम मोदी ने महाराष्ट्र में आयोजित एक शादी समारोह का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के नांदेड़ में एक परिवार ने अपनी खुशी बांटने का ऐसा तरीका अपनाया है जो चर्चा का विषय बन गया है। नांदेड़ के बहादुरपुरा गांव में रहने वाला पेठकर परिवार। इस परिवार का मानना था कि अगर खुशी बांटनी ही है तो कुछ ऐसा देना चाहिए जो मुश्किल समय में किसी भी परिवार का सहारा बन सके। अपने घर में एक शादी के अवसर पर, इस परिवार ने गांव के लगभग साढ़े तीन हजार लोगों के लिए दुर्घटना बीमा की व्यवस्था की। प्रत्येक व्यक्ति को एक लाख रुपये का बीमा कवर दिया गया।

'सरकार देशभर में करोड़ों परिवारों को सुरक्षा का कवच मुहैया करा रही'

मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी ने बीमा योजना और उनके लाभ की चर्चा की। पीएम मोदी ने कहा,"सरकार देशभर में करोड़ों परिवारों को सुरक्षा का कवच मुहैया करा रही है। 'प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना' के तहत, मात्र 20 रुपये के वार्षिक प्रीमियम पर यानी पूरे साल के लिए सिर्फ 20 रुपये, आपको दो लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा मिलता है। अब तक 5.8 करोड़ से अधिक लोग इस योजना से जुड़ चुके हैं। 'प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना' भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। यह योजना किसी व्यक्ति की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु होने पर उसके परिवार को दो लाख रुपये का बीमा प्रदान करती है। इसका वार्षिक प्रीमियम मात्र 436 रुपये है। यानी प्रतिदिन लगभग डेढ़ रुपये। अब तक 27 करोड़ से अधिक लोग इस योजना से जुड़ चुके हैं।"

क्या है 'नागालैंड बेबी लीग?'

इसके अलावा, पीएम मोदी ने 'नागालैंड बेबी लीग' का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा,"नागालैंड बेबी लीग, नाम सुनकर शायद आपको लगे कि यह बहुत छोटे बच्चों की कोई आम लीग है, लेकिन ऐसा नहीं है। यह 5 से 10-12 साल के नन्हे-मुन्नों की एक असाधारण लीग है, जो फूलों की तरह खिले हैं, ये बच्चे फुटबॉल खिलाड़ी हैं, और यह लीग न केवल उनकी गति और प्रतिभा को प्रेरित करती है, बल्कि उनके व्यक्तित्व को भी आकार देती है। इसकी शुरुआत नागालैंड में अधिक से अधिक बच्चों को फुटबॉल से जोड़ने के उद्देश्य से हुई थी। 5 से 12 साल के लड़के और लड़कियां इसमें भाग ले सकते हैं। इस लीग को अब तीन साल पूरे हो चुके हैं। इसने बच्चों के मन पर बहुत सकारात्मक प्रभाव डाला है।"

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article