देश

'बहुमुखी प्रतिभा के धनी असरानी ने कई पीढ़ियों का मनोरंजन किया', PM मोदी ने दिवंगत अभिनेता को दी श्रद्धांजलि

पीएम मोदी ने अपने शोक संदेश में कहा कि असरानी ने अपने अभिनय से उन्होंने कई पीढ़ियों का मनोरंजन किया। अपने शानदार अभिनय से उन्होंने लोगों के हृदय में अमित छाप छोड़ी। पीएम ने कहा कि भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।

Image

बॉलीवुड अभिनेता असरानी के निधन से पूरा देश गमगीन। तस्वीर-PTI

Photo : PTI

Narendra Modi: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता असरानी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। पीएम मोदी ने मंगलवार को X पर अपने पोस्ट में कहा कि अभिनेता के निधन से वह बहुत दुखी हैं। वह वास्तव में बहुमुखी प्रतिभा के कलाकार और नैसर्गिक मनोरंजनकर्ता थे। अपने अभिनय से उन्होंने कई पीढ़ियों का मनोरंजन किया। अपने शानदार अभिनय से उन्होंने लोगों के हृदय में अमित छाप छोड़ी। पीएम ने कहा कि भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।

लोगों के जीवन में खुशी और हंसी बिखेरी-पीएम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार सुबह 9 बजकर 9 मिनट पर X पर लिखा, 'श्री गोवर्धन असरानी जी के निधन से गहरा दुख हुआ। एक प्रतिभाशाली मनोरंजनकर्ता और वास्तव में बहुमुखी कलाकार, उन्होंने पीढ़ियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। उन्होंने अपने कभी न भूल पाने वाली अभिनय के जरिए अनगिनत लोगों के जीवन में खुशी और हंसी बिखेरी। भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को हमेशा संजोया जाएगा। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदना। ओम शांति।'

बीमार चल रहे थे असरानी, सोमवार को निधन हुआ

सांस लेने में तकलीफ के बाद चार दिन पहले असरानी को जुहू स्थित भारतीय आरोग्य निधि अस्पताल में भर्ती कराया गया था और फेफड़ों में पानी जमा होने के बाद सोमवार को अपराह्न तीन बजे उनका निधन हो गया। उनके निधान पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने शोक संदेश में कहा, ‘असरानी संपूर्ण मनोरंजन के पर्याय थे। उनका निधन फिल्म उद्योग के लिए एक बड़ी क्षति है।’उन्होंने कहा कि असरानी का अभिनय हमेशा दर्शकों के दिलों पर राज करता है।

हर बड़े सितारे के साथ किया काम

असरानी ने अपने पांच दशक लंबे करियर के हर दौर में कुछ सबसे बड़े निर्देशकों के साथ काम किया और लगभग हर बड़े सितारे के साथ उन्होंने अदाकारी के जौहर बिखेरे, चाहे वह राजेश खन्ना हों, अमिताभ बच्चन हों, आमिर खान हों या कोई और। एफटीआईआई से प्रशिक्षण प्राप्त होने के बावजूद, असरानी हास्य भूमिकाओं तक ही बंधे रहे, जहां वह अक्सर नायक के दोस्त की भूमिका निभाते थे। असरानी ने हिंदी सिनेमा में अपने करियर की शुरुआत 1967 में आई फ़िल्म 'हरे कांच की चूड़ियां' से की और उसके बाद कई फ़िल्मों में अभिनय किया। ऋषिकेश मुखर्जी उनके गुरु और मार्गदर्शक थे और उन्होंने हमेशा उन्हें अपनी फ़िल्मों में भूमिकाएं दीं। उन्होंने गुलज़ार की कई फ़िल्मों जैसे 'मेरे अपने', 'कोशिश' और 'परिचय' में भी अभिनय किया।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article