देश

'मी मराठित बोलू का हिंदी बोलू...', जब PM मोदी ने उज्ज्वल निकम से पूछा

Ujjwal Nikam Nominated to Rajya Sabha: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राज्यसभा के लिए नामित चार सदस्यों में शामिल जाने-माने वकील उज्ज्वल निकम ने रविवार को बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें यह खबर देने के लिए फोन किया और उनसे मराठी में बात की। निकम ने 2024 में भाजपा उम्मीदवार के रूप में अपना पहला लोकसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन वह जीत नहीं सके थे।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (दाएं) और वकील उज्ज्वल निकम (बाएं) (फाइल फोटो)

Ujjwal Nikam Nominated to Rajya Sabha: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राज्यसभा के लिए नामित चार सदस्यों में शामिल जाने-माने वकील उज्ज्वल निकम ने रविवार को बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें यह खबर देने के लिए फोन किया और उनसे मराठी में बात की। निकम ने संवाददाताओं से कहा कि मोदी जी बहुत अच्छी मराठी बोलते हैं। वह महाराष्ट्र में अपने कुछ भाषणों की शुरुआत मराठी से करते हैं और फिर हिंदी में बोलते हैं।

उज्ज्वल निकम ने क्या कुछ कहा?

निकम ने कहा कि जब मुझे रात आठ बजकर 44 मिनट पर उनका फोन आया और ऑपरेटर ने मुझे उनसे जोड़ा, तो प्रधानमंत्री ने मराठी में पूछा- उज्ज्वल जी मी मराठित बोलू का हिंदी बोलू (मैं मराठी में बात करुं या हिंदी में)। उन्होंने कहा कि मैंने उनसे कहा कि उनकी दोनों भाषाओं पर अच्छी पकड़ है। उन्होंने मुझे बताया कि राष्ट्रपति मुझे कुछ जिम्मेदारी सौंपना चाहती हैं और पूछा कि क्या मैं इसे स्वीकार करने के लिए तैयार हूं। फिर उन्होंने मराठी में अपनी बात जारी रखी।

उन्होंने कहा कि राज्यसभा के लिए उनका नामांकन कानून के क्षेत्र में उनके दशकों के किए काम का परिणाम है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों के दौरान भी भाजपा ने मुझ पर भरोसा दिखाया था। अब राज्यसभा के मनोनीत सदस्य के रूप में मुझे और बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।

कौन हैं उज्ज्वल निकम?

निकम एक प्रसिद्ध वकील हैं और उन्होंने मुंबई आतंकवादी हमलों के मामले में सरकारी वकील के रूप में काम किया था। निकम ने 2024 में भाजपा उम्मीदवार के रूप में अपना पहला लोकसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन वह जीत नहीं सके थे।

चार शख्सियतें राज्यसभा के लिए नामित

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शनिवार देर रात जारी एक अधिसूचना में बताया कि राष्ट्रपति ने पूर्व विदेश सचिव हर्षवर्धन शृंगला, 26/11 मुंबई आतंकवादी हमलों के मामले में विशेष लोक अभियोजक उज्ज्वल निकम, केरल के भाजपा नेता सी सदानंदन मास्टर और इतिहासकार मीनाक्षी जैन को राज्यसभा के लिए नामित किया है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!