एक्सिओम-4 मिशन के तहत स्पेस स्टेशन में जाने वाले अंतरिक्ष यात्रियों की वापसी का समय आ गया है। ऐसे में स्पेस स्टेशन में विदाई समारोह की तैयारियां हो रही हैं। (फोटो साभार: @JonnyKimUSA)
शुभांशु शुक्ला एवं अन्य एक्सिओम-4 के अंतरिक्ष यात्री सोमवार को स्थानीय समयानुसार सुबह 7:05 बजे (भारतीय समयानुसार शाम 4:35 बजे) से आईएसएस से धरती के लिए बाहर निकलने की तैयारी कर रहे हैं। (फोटो साभार: @Space_Station/ @Axiom_Space)
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) के मुताबिक, शुभांशु शुक्ला 15 जुलाई को ड्रैगन कैप्सूल की मदद से कैलिफोर्निया तट पर अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के साथ उतरेंगे। (फोटो साभार: @Space_Station)
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के मुताबिक, शुभांशु शुक्ला 15 जुलाई को दोपहर 3 बजे (भारतीय समयानुसार) पृथ्वी पर लौट सकते हैं। उन्होंने एक पोस्ट में कहा, ''पृथ्वी पर वापसी.... भारतीय समयानुसार 15 जुलाई को दोपहर 3:00 बजे निर्धारित है।'' (फोटो साभार: @Axiom_Space)
एक्सिओम-4 मिशन के सदस्यों समेत स्पेस स्टेशन में अभी 11 अंतरिक्ष यात्री मौजूद हैं जिसमें एक्सपीडिशन 73 के सात अंतरिक्ष यात्री शामिल हैं। अगर एक्सिओम-4 मिशन के सदस्यों की बात की जाए तो उनमें शुभांशु शुक्ला, कमांडर पैगी व्हिटसन, पोलैंड व हंगरी के मिशन विशेषज्ञ स्लावोज उज्नान्स्की-विस्नीव्स्की और टिबोर कापूल शामिल हैं। (फोटो साभार: NASA/@Space_Station)
हाल ही में अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री जॉनी किम ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा था कि इस मिशन पर मेरी सबसे अविस्मरणीय शामों में से एक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर नए दोस्तों (एक्स-4) संग भोजन करना है। उन्होंने कहा, ‘‘हमने कहानियां साझा कीं और इस बात से खुश हुए कि किस प्रकार विविध पृष्ठभूमियों एवं देशों के लोग अंतरिक्ष में मानवता का प्रतिनिधित्व करने के लिए एक साथ आए।’’ (फोटो साभार: @JonnyKimUSA)
शुभांशु शुक्ला पृथ्वी पर लौटने के बाद सात दिनों के पुनर्वास में रहेंगे। इसरो ने बताया कि वापस आने के बाद शुक्ला को पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण के अनुकूल होने के लिए फ्लाइट सर्जन की देखरेख में एक कार्यक्रम के तहत (लगभग सात दिन) पुनर्वास में रहना होगा। (फोटो साभार: @Axiom_Space)