देश

कोलकाता के ईस्टर्न कमांड हेडक्वार्टर पहुंचे पीएम मोदी, संयुक्त कमांडर सम्मेलन का किया उद्धाटन; ​अजीत डोभाल, CDS चौहान और तीनों सेना प्रमुख ले रहे हिस्सा

ऑपरेशन सिंदूर की पृष्ठभूमि में आयोजित इस वर्ष का सम्मेलन सुधारों, परिवर्तन और परिचालन तैयारियों पर केंद्रित होगा। इसका विषय है 'सुधारों का वर्ष - भविष्य के लिए परिवर्तन'।

Image

पूर्वी कमान मुख्यालय पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो- ANI)

PM Arrives At Eastern Command HQ in Kolkata: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कोलकाता के विजय दुर्ग (पूर्व में फोर्ट विलियम) स्थित भारतीय सेना के पूर्वी कमान मुख्यालय में तीन दिवसीय संयुक्त कमांडर सम्मेलन (CCC) का उद्घाटन किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में शामिल हुए, जो ऑपरेशन सिंदूर के बाद इस तरह का पहला सम्मेलन है। एक रक्षा अधिकारी ने बताया कि नियंत्रण रेखा के पार और पाकिस्तान के भीतर आतंकी ढांचे को ध्वस्त करने के लिए चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर ने सटीकता, व्यावसायिकता और उद्देश्य को मूर्त रूप देते हुए तीनों सेनाओं की संतुलित प्रतिक्रिया प्रदर्शित की।

अजीत डोभाल, जनरल अनिल चौहान भी शामिल

सम्मेलन में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान, रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और भारतीय सशस्त्र बलों के तीनों प्रमुख भी भाग ले रहे हैं। यह द्विवार्षिक सम्मेलन सशस्त्र बलों का शीर्ष विचार-मंथन मंच है, जो देश के शीर्ष नागरिक और सैन्य नेतृत्व को वैचारिक और रणनीतिक स्तर पर विचारों का आदान-प्रदान करने के लिए एक साथ लाता है। इस वर्ष का सम्मेलन ऐसा 16वां सम्मेलन है जिसमें सुधारों, परिवर्तन, बदलाव और अभियानगत तैयारियों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इसका विषय है ‘सुधारों का वर्ष - भविष्य के लिए परिवर्तन’।

पांच महीनों में मोदी का चौथा दौरा

रक्षा अधिकारी ने कहा, सम्मेलन का ध्यान संस्थागत सुधारों, गहन एकीकरण और तकनीकी आधुनिकीकरण के प्रति सशस्त्र बलों की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। साथ ही बहु-क्षेत्रीय अभियानगत तैयारियों के उच्च स्तर को बनाए रखना भी इसमें शामिल है। पिछले पांच महीनों में मोदी का यह चौथा और एक महीने के भीतर दूसरा बंगाल दौरा है। प्रधानमंत्री असम से रविवार शाम कोलकाता पहुंचे और दोपहर बाद बिहार के पूर्णिया के लिए रवाना होंगे।

वह राजभवन से सुबह करीब साढ़े नौ बजे विजय दुर्ग पहुंचे। उन्होंने राजभवन में रात्रि विश्राम किया था। आखिरी संयुक्त कमांडर सम्मेलन 2023 में भोपाल में हुआ था।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article