देश

धोनी और झारखंड के BJP नेताओं की मुलाकात की तस्वीर वायरल, सियासी अटकलें तेज

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 1, 2023, 02:19 PM IST

धोनी के करीबी सूत्र इस मुलाकात को महज इत्तेफाक बता रहे हैं। रांची में पले-बढ़े होने के कारण धोनी के यहां कई लोगों से ताल्लुकात हैं।

Image

धोनी की बीजेपी नेताओं संग मुलाकात

Dhoni Meets BJP Leaders: क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी और झारखंड के कुछ प्रमुख बीजेपी नेताओं की मुलाकात की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसे लेकर कई तरह की चर्चा और अटकलों का दौर शुरू हो गया है। सोशल मीडिया पर यह सवाल तैर रहा है कि क्या यह सिर्फ एक सामान्य मुलाकात है या फिर इसका कोई सियासी मायने है? दरअसल, महेंद्र सिंह धोनी गुरुवार की शाम मुंबई की फ्लाइट पकड़ने रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर थे। इसी वक्त केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रांची पहुंचने वाले थे और उनके स्वागत के लिए झारखंड के कई वरिष्ठ भाजपा नेता एयरपोर्ट पर मौजूद थे।

लगने लगी सियासी अटकलें

इसी दौरान भाजपा के राज्यसभा सांसद और पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, रांची के भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री सीपी सिंह और कांके क्षेत्र के भापा विधायक समरी लाल ने महेंद्र सिंह धोनी से मुलाकात की। इसकी तस्वीरें सामने आईं और देखते-देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। लोग इन तस्वीरों को धोनी के राजनीति में प्रवेश की संभावनाओं से जोड़कर चर्चा करने लगे। राज्य सभा सांसद दीपक प्रकाश ने इस मुलाकात की एक तस्वीर सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, क्रिकेट के कोहिनूर, झारखंड की शान महेंद्र सिंह धोनी जी से एक अच्छी मुलाकात।

धोनी के करीबी बता रहे इत्तेफाक

इस तस्वीर में धोनी और दीपक प्रकाश एक सोफे पर बैठकर बात करते दिख रहे हैं। वायरल हो रही दूसरी तस्वीर में धोनी के साथ दीपक प्रकाश और रांची के बीजेपी विधायक सीपी सिंह और कांके के विधायक समरीलाल खड़े हैं। धोनी के करीबी सूत्र इस मुलाकात को महज इत्तेफाक बता रहे हैं। रांची में पले-बढ़े होने के कारण धोनी के यहां कई लोगों से ताल्लुकात हैं। इनमें राजनीतिक दलों के लोग भी हैं। आजसू पार्टी के सुप्रीमो सुदेश महतो के साथ भी उनकी अच्छी और पुरानी मित्रता है, लेकिन धोनी ने ऐसे संबंधों को हमेशा व्यक्तिगत रखा। अब तक उनका कोई राजनीतिक रुझान नहीं दिखा है।

जानकारों का कहना है कि धोनी कभी राजनीति की ओर रुख करने का मन बनाते हैं तो उनका किसी भी राजनीतिक पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से सीधा संपर्क होगा। उनकी शख्सियत और लोकप्रियता इतनी ऊंची है कि उन्हें राजनीति में कदम रखने के लिए सामान्य कद वाले नेताओं के संपर्क सूत्र की जरूरत नहीं होगी। (आईएएनएस)

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!