लाहिरू समराकून और गेरूका संकेथ के बीच आखिरी विकेट के लिए हुई 19(29) रन की साझेदारी के दम पर श्रीलंका ए ने पाकिस्तान ए को एक विकेट से हरा दिया। 216 रन की पीछा करते हुए श्रीलंका ने एक वक्त 198 के स्कोर पर अपना 9वां विकेट गंवा दिया था, लेकिन आखिरी विकेट के लिए दोनों पुछल्ले बल्लेबाजों ने नाबाद 19 रन जोड़कर अपनी टीम को रोमांचक जीत दिला दी। इसके साथ ही श्रीलंका ए के 8 साल का इंतजार खत्म हो गया। उसने साल 2018 में आखिरी बार भारत को हराकर यह ट्रॉफी उठाई थी।
पाकिस्तान के खिलाफ इस मुकाबले में श्रीलंका ए की ओर से सर्वाधिक 87 रन की पारी विकेटकीपर निशान मदुशंका ने खेली। उन्होंने कप्तान पवन रत्नायके साथ तीसरे विकेट के लिए 80(85) रन की साझेदारी की। रत्नायके ने 39 गेंद में 30 रन की पारी खेली। पाकिस्तान की ओर से अली रजा ने सर्वाधिक 3 विकेट जबकि सुफियान मोकिम ने 2 विकेट चटकाए।
पाकिस्तान ने की थी जबरदस्त वापसी
198 रन के स्कोर पर श्रीलंका ए को 7वां झटका लगा। इस स्कोर में बिना कोई रन जोड़े पाकिस्तानी गेंदबाजों ने दो और विकेट चटकाए और मैच को रोमांचक स्थिति में पहुंचा दिया। लेकिन श्रीलंका ए के नीचले क्रम के बल्लेबाज कुछ और ही सोचकर आए और उन्होंने आखिरी विकेट के लिए 19 रन जोड़कर पाकिस्तान के जीत के मंसूबों पर पानी फेर दिया।इससे पहले पाकिस्तान ए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 9 विकेट के नुकसान पर 216 रन बनाए थे। पाकिस्तान ए की ओर से शाहजैब खान ने सर्वाधिक 60 रन की पारी खेली। पाकिस्तान की ओर से शामील हुसैन ने 40 और रोहेल नजीर ने 37 रन की पारी खेली। श्रीलंका की ओर से रवींदू फर्नांडो और गेरूका संकेथ ने 3-3 विकेट चटकाए।
तीसरी बार चैंपियन बना श्रीलंका-ए
श्रीलंका ए ने तीसरी बार यह ट्रॉफी उठाई है और अब उसने इस मामले में पाकिस्तान ए की बराबरी कर ली। श्रीलंका ए ने इससे पहले 2017 और 2018 में यह ट्रॉफी अपने नाम की थी। भारत केवल एक बार 2013 में यह टूर्नामेंट जीत पाया है।
