देश

Parliament Security Breach: राजस्थान के नागौर से बरामद हुए जले हुए फोन के टुकड़े, ललित झा ने कर दिए थे नष्ट

  • Edited by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Dec 17, 2023, 04:29 PM IST

Parliament Security Breach: फोन के सभी पार्ट्स जली हुई हालत में मिले। हालांकि दिल्ली पुलिस अभी तक ललित झा का फोन बरामद नहीं कर पाई है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने पहले खुलासा किया था कि संसद सुरक्षा उल्लंघन मामले के आरोपी ललित झा ने दिल्ली पहुंचने से पहले पांच मोबाइल फोन नष्ट कर दिए थे।

Image

संसद सुरक्षा चूक मामले के आरोपियों ने राजस्थान में जलाए थे मोबाइल फोन

Photo : ANI

Parliament Security Breach: संसद सुरक्षा चूक मामले में आरोपियों ने जिन फोनों को नष्ट किया था, उसके टुकड़े पुलिस ने राजस्थान के नागौर से बरामद कर लिए हैं। जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सबूत मिटाने की भी धारा जोड़ लिया है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने कुछ छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें मास्टरमाइंड ललित झा भी शामिल है।

ललित झा ने किए थे फोन नष्ट

फोन के सभी पार्ट्स जली हुई हालत में मिले। हालांकि दिल्ली पुलिस अभी तक ललित झा का फोन बरामद नहीं कर पाई है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने पहले खुलासा किया था कि संसद सुरक्षा उल्लंघन मामले के आरोपी ललित झा ने दिल्ली पहुंचने से पहले पांच मोबाइल फोन नष्ट कर दिए थे। इसे लेकर ललित जा जांच टीम को गुमराह कर रहा था। सुरक्षा उल्लंघन से पहले, चारों आरोपियों ने अपनी गिरफ्तारी की आशंका के कारण महत्वपूर्ण जांच विवरण पुलिस तक पहुंचने से रोकने के लिए अपने फोन ललित झा को सौंप दिए थे। ललित झा ने राजस्थान के कुचामन में भागने के बाद चार नहीं बल्कि पांच मोबाइल फोन नष्ट कर दिए थे।

सबूत मिटाने के आरोप भी जुड़े

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी में सबूत मिटाने से जुड़ी भारतीय दंड संहिता की धाराएं जोड़ दी हैं। जांच से जुड़े एक अधिकारी ने कहा कि ललित झा की निशानदेही पर शनिवार को मोबाइल फोन के कुछ टुकड़े बरामद किए गए हैं, जो मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए छह लोगों में से एक है। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ की एक टीम शनिवार को ललित झा को राजस्थान के नागौर ले गई जहां वह आरोपी महेश कुमावत की मदद से ठहरा था।

कौन-कौन हैं 7 आरोपी

दिल्ली पुलिस ने संसद की सुरक्षा में सेंध के मामले में कथित संलिप्तता के लिए अब तक छह लोगों-सागर शर्मा, मनोरंजन डी, अमोल शिंदे, नीलम देवी, ललित झा और महेश कुमावत को गिरफ्तार किया है। आरोपी सागर शर्मा और मनोरंजन डी शून्यकाल के दौरान दर्शक दीर्घा से लोकसभा कक्ष में कूद गए थे। लगभग उसी समय संसद भवन के बाहर दो अन्य आरोपियों अमोल शिंदे और नीलम देवी ने नारा लगाया था। गेट के बाहर मौजूद ललित झा ने इस कृत्य को अपने मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड किया था। इसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर अपने दोस्तों के साथ शेयर करने के बाद वह राजस्थान के नागौर चला गया। जहां महेश कुमावत की मदद से छिपा और बाद में दिल्ली आकर समर्पण कर दिया।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article