देश

Anti Paper Leak Bill: स्पीकर ओम बिरला की पहल लाई रंग! एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के लिए विपक्ष तैयार; मंगलवार को होगी चर्चा

Parliament Monsoon Season 2026: लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल को लेकर जारी गतिरोध खत्म हो गया है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की अपील और सभी दलों के साथ संवाद के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष मंगलवार से लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) विधेयक, 2026 पर चर्चा के लिए सहमत हो गए हैं। सरकार का कहना है कि इससे परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बढ़ेगी।

Image

मंगलवार से एंटी पेपर लीक बिल पर होगी चर्चा; स्पीकर की अपील का दिखा असर। ANI

Photo : ANI

Parliament Monsoon Season 2026: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की पहल और सभी राजनीतिक दलों के साथ लगातार बनाए गए संवाद का सकारात्मक असर देखने को मिला है। संसद में लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) विधेयक, 2026 यानी एंटी पेपर लीक बिल (Anti Paper Leak Bill) को लेकर जारी गतिरोध समाप्त हो गया है। सभी प्रमुख राजनीतिक दल मंगलवार से इस महत्वपूर्ण विधेयक पर चर्चा शुरू करने पर सहमत हो गए हैं।

लोकसभा की कार्यवाही के दौरान अध्यक्ष ओम बिरला ने सभी दलों से अपील की थी कि यह विषय देश के करोड़ों विद्यार्थियों, युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता से जुड़ा हुआ है। ऐसे में इस विधेयक पर व्यापक, गंभीर और सार्थक चर्चा होना बेहद जरूरी है।

क्या है सरकार का उद्देश्य?

स्पीकर की इस अपील के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सहमति बनी, जिसके चलते अब मंगलवार से सदन में एंटी पेपर लीक बिल पर विस्तार से चर्चा होगी। सरकार का मानना है कि इस विधेयक के लागू होने से पेपर लीक जैसी घटनाओं पर अंकुश लगेगा, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी और प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता मजबूत होगी। वहीं, विपक्ष भी इस अहम मुद्दे पर अपनी राय और सुझाव सदन में रखेगा।

लोकसभा में गतिरोध समाप्त होने को संसद की कार्यवाही के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। अब उम्मीद है कि छात्रों और युवाओं से जुड़े इस महत्वपूर्ण विधेयक पर सभी दल रचनात्मक चर्चा करेंगे और परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने की दिशा में सार्थक कदम उठाए जाएंगे।

स्पीकर ने विपक्षी सांसदों से क्या की अपील?

दोपहर 12 बजे लोकसभा की कार्यवाही दूसरी बार शुरू होते ही प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भारी हंगामे के बीच लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) विधेयक, 2026 यानी एंटी पेपर लीक बिल सदन में पेश किया। इस दौरान विपक्षी सदस्य वेल में पहुंचकर तख्तियां लहराते हुए नारेबाजी करते रहे। हंगामे के बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्ष से बार-बार अपील की कि वे अपनी सीटों पर लौटें और विधेयक पर चर्चा में हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि केवल नारेबाजी और तख्तियां लहराने से किसी विधेयक पर विचार-विमर्श नहीं हो सकता। स्पीकर ने सदस्यों को याद दिलाया कि जनता ने उन्हें सदन में चर्चा करने और अपनी बात रखने के लिए चुना है।

ओम बिरला ने बताया कि इस महत्वपूर्ण विधेयक पर चर्चा के लिए छह घंटे का समय निर्धारित किया गया है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि यदि जरूरत पड़ी तो चर्चा के लिए और समय भी दिया जाएगा, ताकि सभी दल अपनी बात विस्तार से रख सकें। हालांकि, स्पीकर की लगातार अपील के बावजूद विपक्ष का हंगामा जारी रहा। इस बीच संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी विपक्ष से सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलने देने और एंटी पेपर लीक बिल पर सार्थक चर्चा में भाग लेने की अपील की।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article