देश

J&K: कुपवाड़ा में संदिग्ध गुब्बारा तो बारामूला में पाकिस्तानी झंडा मिलने से हड़कंप; एक्टिव हुईं सुरक्षा एजेंसियां

Kashmir Suspicious Balloon: जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक संदिग्ध गुब्बारा मिला जिसमें पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA) लिखा हुआ था। जबकि बारामूला जिले के खादिनयार में सुरक्षाबलों ने कई गुब्बारों से बंधा एक पाकिस्तानी झंडा भी जब्त किया। इसके तत्काल बाद अधिकारी जांच में जुट गए।

Image

जांच में जुटीं सुरक्षा एजेंसियां (फाइल फोटो)

Kashmir Suspicious Balloon: जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक संदिग्ध गुब्बारा मिला। सुरक्षाबलों ने संदिग्ध गुब्बारे को जब्त कर लिया है जिसमें पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA) लिखा हुआ था। अधिकारियों ने बताया कि बारामूला जिले के खादिनयार में सुरक्षाबलों ने कई गुब्बारों से बंधा एक पाकिस्तानी झंडा भी जब्त किया।

कहां मिला संदिग्ध गुब्बारा

पीआईए लिखा हुआ गुब्बारा कुपवाड़ा जिले के हंदवारा क्षेत्र के नौगाम में एक बागीचे में एक पेड़ के ऊपर मिला। ये दोनों स्थान उत्तरी कश्मीर में नियंत्रण रेखा के निकट स्थित हैं। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस समेत सुरक्षा एजेंसियां दोनों घटनाओं की जांच कर रही हैं।

हथियार और गोला-बारूद बरामद

इससे पहले, सुरक्षाबलों ने कुपवाड़ा में घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान हथियार और गोला-बारूद बरामद किए। अधिकारियों ने बताया था कि सुरक्षाबलों ने हंदवाड़ा सब-डिवीजन के राजपोरा जंगल इलाके से हथियार और गोला-बारूद बरामद किए।

अधिकारियों ने बताया था, "तलाशी के दौरान, एक संदिग्ध जगह की पहचान की गई, जिससे जंगल इलाके में छिपाकर रखा गया गोला-बारूद और एक विस्फोटक डिवाइस बरामद हुआ। बरामद सामान में इंसास राइफल के 90 राउंड गोला-बारूद, एके-47 के 90 राउंड गोला-बारूद और एक चीनी हैंड ग्रेनेड शामिल था।"

आतंकी का मददगार गिरफ्तार

सुरक्षाबलों ने सोमवार को अवंतीपोरा के वुयान खरेव इलाके में आतंकवादी के एक मददगार को गिरफ्तार किया था जिसके पास से एक पिस्तौल और जिंदा गोला-बारूद बरामद किया गया था। यह संयुक्त ऑपरेशन अवंतीपोरा पुलिस ने सेना की 50 राष्ट्रीय राइफल्स और सीआरपीएफ की 185 बटालियन के जवानों के साथ मिलकर किया था।

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान जावेद अहमद हाजम, पिता अब्दुल राशिद हाजम, निवासी गुलाब बाग त्राल के रूप में हुई थी। तलाशी के दौरान, सुरक्षाकर्मियों ने उसके पास से एक पिस्तौल और पांच जिंदा राउंड बरामद किए।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article