देश

विदेश में भारतीयों की मौत को लेकर मोदी सरकार पर बरसे ओवैसी, बोले- प्रधानमंत्री की जुबान पर ट्रंप का नहीं आया नाम

Oman Coast Ship Attack: एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तीन भारतीय नागरिक मारे गए, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जुबान पर डोनाल्ड ट्रंप का नाम नहीं आया।

Image

एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी (फाइल फोटो)

Oman Coast Ship Attack: एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को बहराइच के मटेरा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि ईरान-ओमान के बीच समुद्री क्षेत्र में भारतीय नागरिकों की मौत के बावजूद प्रधानमंत्री ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की निंदा नहीं की।

PM मोदी पर बरसे ओवैसी

जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर मुस्लिम बहुल क्षेत्र शंकरपुर चौराहे पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा, ''तीन भारतीय नागरिक मारे गए, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जुबान पर डोनाल्ड ट्रंप का नाम नहीं आया।'' उन्होंने आरोप लगाया, ''ट्रंप और नेतन्याहू ने मिलकर इस जंग का आगाज किया है।''

अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम का जिक्र करते हुए ओवैसी ने कहा कि भारत सरकार को विदेशों में फंसे भारतीयों और मृतकों के परिजनों के प्रति अधिक संवेदनशील होना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि एक भारतीय नाविक का शव दो दिन से विदेश में पड़ा है और उसके परिजन मदद की गुहार लगा रहे हैं।

'दरी बिछाने की नहीं होगी राजनीति'

उत्तर प्रदेश की राजनीति पर ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) आगामी विधानसभा चुनाव में राजनीतिक हिस्सेदारी और प्रतिनिधित्व की लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा, ''अगर कोई भाजपा को रोकना चाहता है तो मजलिस इत्तेहादुल मुस्लिमीन इज्जत और हिस्सेदारी के साथ बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन अब दरी बिछाने की राजनीति नहीं होगी, हिस्सेदारी और बराबरी की लड़ाई होगी।''

ओवैसी ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना

ओवैसी ने समाजवादी पार्टी (SP) अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा और कहा, ''आप बंगाल में जिसकी हिमायत करने गये थे, कल तक जो कहते थे कि दिल में मदीना, आंख में काबा, वे अब बाबा के साथ बैठकर चाय पी रहे हैं और गाली आप ओवैसी को दे रहे हैं।'' ओवैसी ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में बुलडोजर कार्रवाई, मुठभेड़ों और गिरफ्तारियों का सबसे अधिक असर अल्पसंख्यकों पर पड़ता है। उन्होंने कहा, ''संविधान कानून के राज की बात करता है, बंदूक से राज की नहीं।''

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला करते हुए ओवैसी ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था और अल्पसंख्यकों के साथ न्याय के सवाल पर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने संभल, मैनपुरी और अन्य घटनाओं का उल्लेख करते हुए कई मामलों में निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की। जनसभा में ओवैसी ने मटेरा विधानसभा क्षेत्र से एआईएमआईएम की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष शौकत अली को संभावित उम्मीदवार घोषित किया और समर्थकों से उनका साथ देने की अपील की। उन्होंने कहा कि एआईएमआईएम प्रदेश में अपनी राजनीतिक ताकत के दम पर बदलाव लाने का प्रयास करेगी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ता author

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स ... और देखें

End of Article