शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए विवादित बयान पर सियासी घमासान छिड़ गया है। भाजपा ने शनिवार को राउत पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष की हताशा अब नए स्तर पर पहुंच गई है और वह प्रधानमंत्री के साथ-साथ गुजरात का भी अपमान कर रहा है।
शहजाद पूनावाला ने किया पलटवार
राउत की टिप्पणी पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कड़ा एतराज जताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ लगातार अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते रहे हैं। पूनावाला ने आरोप लगाया कि विपक्ष के पास मोदी सरकार की आलोचना करने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वह व्यक्तिगत हमलों और अभद्र टिप्पणियों का सहारा ले रहा है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राउत ने केवल प्रधानमंत्री का ही नहीं, बल्कि पूरे गुजरात का भी अपमान किया है। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष बार-बार संवैधानिक पदों की गरिमा को ठेस पहुंचाने की कोशिश करता है और इसी वजह से उसे चुनावी नुकसान उठाना पड़ता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर इसे भी पढ़ें- 'कांग्रेस से आज भी डरते हैं मोदी': संजय राउत ने फिर अलापा विपक्षी एकता का राग, बोले- शरद पवार करें पहल
क्या बोले थे संजय राउत?
दरअसल, इससे पहले पुणे में शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने पीएम मोदी पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने कांग्रेस से निकले दलों से कांग्रेस में विलय की अपील करते हुए कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी जैसा 'अघोरी' और क्रूर व्यक्ति राजनीति में कभी नहीं देखा।
पीएम मोदी पर संजय राउत ने की विवादित टिप्पणी
उन्होंने आगे हमला बोलते हुए कहा, 'इस देश की राजनीति में पहले कभी ऐसा ‘अघोरी’ व्यक्ति पैदा नहीं हुआ। पहले कभी इतना क्रूर व्यक्ति सामने नहीं आया। इस देश ने जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री, पीवी नरसिम्हा राव, राजीव गांधी, बाबासाहेब अंबेडकर और बालासाहेब ठाकरे जैसे महान नेता पैदा किए हैं। लेकिन जब हम मोदी के पूरे व्यक्तित्व को देखते हैं, तो डर पैदा होता है। ऐसा व्यक्ति आया कहां से? वह उसी मिट्टी से आता है जिससे औरंगजेब पैदा हुआ था। औरंगजेब का जन्म गुजरात में हुआ था, है ना?'
राउत के बयान पर सियासत तेज
राउत के इस बयान के बाद भाजपा और विपक्षी दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। राजनीतिक गलियारों में इस मुद्दे को लेकर नई बहस छिड़ गई है और आने वाले दिनों में इस पर सियासत और गरमाने के आसार हैं।
