Operation Sindoor: पाकिस्तान के खिलाफ 'ऑपरेशन सिंदूर' के एक साल पूरे हो गए हैं। चार दिनों के संघर्ष में भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और हमलों के आगे पाकिस्तानी सेना पस्त हो गई और घुटनों पर आ गई। अपने इस 'ऑपरेशन' के भारत ने पाकिस्तान को धूल तो चटाई है, भारतीय हथियारों का लोहा भी दुनिया मान गई। 'ऑपरेशन सिंदूर' की पहली वर्षगांठ पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को सेना के शौर्य की तारीफ की। उन्होंने कहा कि 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान सेना ने बेहतरीन संयुक्त समन्वय और गहरी तालमेल का परिचय दिया। उसने आधुनिक सैन्य अभियानों के लिए एक नया मानक स्थापित किया।
X पर अपने ट्वीट में राजनाथ सिंह ने कहा, 'हम अपने सशस्त्र बलों के शौर्य और बलिदान को नमन करते हैं, जिनका साहस और समर्पण निरंतर राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित करता है। इस अभियान के दौरान उनके कार्यों ने अद्वितीय सटीकता, सेवाओं के बीच बेहतरीन संयुक्त समन्वय और गहरी तालमेल का परिचय दिया, जिसने आधुनिक सैन्य अभियानों के लिए एक नया मानक स्थापित किया।'
X पर विदेश मंत्री ने बदली प्रोफाइल पिक्चर
रक्षा मंत्री ने कहा कि 'ऑपरेशन सिंदूर राष्ट्रीय संकल्प और तत्परता का एक शक्तिशाली प्रतीक है, जो दर्शाता है कि हमारे सशस्त्र बल हर महत्वपूर्ण क्षण में निर्णायक कार्रवाई के लिए सदैव तैयार हैं। यह भारत की आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर प्रगति का भी प्रमाण है, जो क्षमता को बढ़ाने के साथ-साथ राष्ट्रीय मजबूती को और सुदृढ़ करती है।' वहीं, 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता एवं पराक्रम को दर्शाने के लिए विदेश मंत्री एस जयशंकर ने X पर अपनी प्रोफाइल पिक्चर बदली। उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' का लोगो लगाकर सेना के शौर्य को सलाम किया।
22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुआ आतंकी हमला
बता दें कि 22 अप्रैल 2025 को कश्मीर की बैसरन घाटी खून से लाल हो गई। यहां परिवार के साथ छुट्टियां मनाने आए 26 लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पाकिस्तान से आए आतंकवादियों ने लोगों से उनका धर्म पूछकर उनका नरसंहार किया। भारत में यह अलग तरह की और पहली आतंकवादी घटना थी जहां आतंकवादियों ने धर्म पूछकर लोगों को निर्मम हत्या की। मारे गए लोगों में ज्यादातर हिंदू पर्यटक थे, एक नेपाली नागरिक की भी मौत हुई। इस जघन्य एवं क्रूर आतंकवादी घटना ने भारत सहित पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया।
अपने नापाक इरादे में सफल नहीं हुआ पाकिस्तान
आतंकवाद का इतना क्रूर चेहरा शायद ही दुनिया ने पहले कभी देखा था। इस हमले के पीछे पाकिस्तान था, वहीं इस हमले की साजिश रची गई और भाड़े के आतंकवादियों के जरिए उसने इस कायराना हमले को अंजाम दिया। धर्म पूछकर लोगों की हत्या करने के पीछे पाकिस्तान का मकसद भारत में सांप्रदायिक हिंसा शुरू करना और समाज को तोड़ना था लेकिन उसके नापाक इरादे सफल नहीं हुए।
'भारत के साहस, समन्वय, शक्ति का प्रतीक है ऑपरेशन सिंदूर'
नौसेना ने अपने ट्वीमें कहा कि जब राष्ट्र की इच्छाशक्ति की परीक्षा होती है, तब भारतीय सशस्त्र बल एकजुट होकर अडिग संकल्प, सटीक कार्रवाई और अटूट प्रतिबद्धता के साथ खड़े रहते हैं। 'ऑपरेशन सिंदूर' भारत के साहस, समन्वय और शक्ति के साथ अपनी संप्रभुता की रक्षा करने के दृढ़ संकल्प का प्रतीक है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
