देश

ऑपरेशन सिंदूर: कश्मीर के 10 जिलों में बनाया गया कंट्रोल रूम, हालात पर बारीकी से नजर

भारतीय सशस्त्र बलों ने पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेते हुए सख्त जवाबी कार्रवाई में मंगलवार देर रात पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए, जिनमें आतंकवादी समूहों लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के ठिकाने शामिल हैं।

Image

ऑपरेशन सिंदूर के बाद अलर्ट

Operation Sindoor: पाकिस्तान और पीओके में ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम देने के बाद हालात पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। श्रीनगर में अधिकारियों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में नौ आतंकी स्थलों पर भारत द्वारा मिसाइल हमलों के मद्देनजर घटनाक्रमों की निगरानी के लिए कश्मीर भर में केंद्रीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं। स्थानीय जिला मजिस्ट्रेट ने एक आदेश में कहा कि मौजूदा स्थिति को देखते हुए, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, श्रीनगर की समग्र निगरानी में जिला आपातकालीन संचालन केंद्र, श्रीनगर के उपायुक्त कार्यालय में एक संयुक्त नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।

कश्मीर के 10 जिलों में नियंत्रण कक्ष स्थापित

कश्मीर के 10 जिलों में इसी तरह के नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। डीएम ने कहा कि नियंत्रण कक्ष चौबीसों घंटे काम करेगा और अंतर-विभागीय समन्वय की सुविधा के लिए एक केंद्रीकृत केंद्र के रूप में काम करेगा, चल रहे घटनाक्रम की निगरानी करेगा और सूचनाओं का समय पर प्रसार सुनिश्चित करेगा।

आदेश में कहा गया है, यह आम जनता के लिए शिकायत निवारण मंच के रूप में भी काम करेगा, जिससे वास्तविक समय में उत्पन्न होने वाले मुद्दों का कुशल समाधान हो सकेगा। इसमें कहा गया है कि सार्वजनिक चिंताओं को दूर करने, आपातकालीन सेवाओं के समन्वय और अपेक्षित सहायता प्रदान करने के लिए कक्ष से संपर्क किया जा सकता है। इस बीच, जम्मू-कश्मीर सरकार ने सभी प्रशासनिक सचिवों और विभागाध्यक्षों से कहा है कि वे असाधारण परिस्थितियों को छोड़कर कर्मचारियों को कोई छुट्टी मंजूर न करें।

भारत का बड़ा एक्शन, आतंकी ठिकाने ध्वस्त

भारतीय सशस्त्र बलों ने पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेते हुए सख्त जवाबी कार्रवाई में मंगलवार देर रात पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए, जिनमें आतंकवादी समूहों लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के ठिकाने भी शामिल हैं। भारत की नपी-तुली, टकराव को नहीं बढ़ाने वाली, संतुलित और जिम्मेदाराना कार्रवाई 25 मिनट तक चली।

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा कि भारत ने 22 अप्रैल के पहलगाम हमले के दोषियों और साजिशकर्ताओं को न्याय के कठघरे में लाने के लिए आनुपातिक हमले करने का निर्णय लिया, क्योंकि पाकिस्तान की ओर से उसके नियंत्रण वाले क्षेत्रों में आतंकवादी बुनियादी ढांचे के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। मिसरी ने कहा कि भारत की कार्रवाई संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के उस बयान के अनुरूप है जिसमें पहलगाम आतंकी हमले के दोषियों, आयोजकों, वित्तपोषकों और प्रायोजकों को जवाबदेह ठहराया गया है।

सैन्य अधिकारियों के अनुसार, ऑपरेशन सिंदूर के तहत, भारतीय सेना ने मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के मरकज तैयबा, बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद के मरकज सुभान अल्लाह और सियालकोट में हिजबुल मुजाहिदीन के महमूना जोया फैसिलिटी और बरनाला में मरकज अहले हदीस में लश्कर के अड्डे और मुजफ्फराबाद के शावाई नाला में उसके शिविर को निशाना बनाया।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें