देश

IMD Monsoon Update: झारखंड के लिए गुड न्यूज, इस दिन दस्तक दे सकता है मॉनसून, फिलहाल राज्य में सामान्य बारिश

झारखंड में मॉनसून के आगमन की सामान्य तिथि 10 जून है। हालांकि, मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार 2010 से झारखंड में मॉनसून का आगमन 12 जून से 25 जून के बीच हो रहा है।

Image

झारखंड के लिए मॉनसून अपडेट

Photo : PTI

Monsoon in Jharkhand: मॉनसून को लेकर झारखंड के लिए अच्छी खबर आई है। झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के जून के मध्य में पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि 10 जून के बाद मानसून की प्रगति में तेजी आने की संभावना है। इस साल मॉनसून ने तय समय से एक सप्ताह पहले 24 मई को केरल में दस्तक दी। आम तौर पर, दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून एक जून तक केरल में दस्तक देता है और आठ जुलाई तक पूरे देश में पहुंच जाता है।

मॉनसून के आगमन की सामान्य तिथि 10 जून

झारखंड में मॉनसून के आगमन की सामान्य तिथि 10 जून है। हालांकि, मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार 2010 से झारखंड में मॉनसून का आगमन 12 जून से 25 जून के बीच हो रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र के उपनिदेशक अभिषेक आनंद ने कहा कि झारखंड में 12 जून से पहले मॉनसून के पहुंचने की संभावना नहीं है। अगर स्थिति अनुकूल रही तो जून के मध्य तक इसके पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि झारखंड में फिलहाल पश्चिमी हवा चल रही है।

आनंद ने कहा, जब यह पूर्वी हवा में नहीं बदल जाती और नमी लेकर नहीं आती, तब तक राज्य में मॉनसून के आगे बढ़ने की संभावना नहीं है। राज्य में 10 जून के बाद पूर्वी हवा चलने की संभावना है जो मॉनसून की प्रगति में मदद कर सकता है। मई के आखिरी सप्ताह में बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना एक तंत्र बांग्लादेश के रास्ते देश के पूर्वोत्तर भागों की ओर बढ़ गया। आनंद ने कहा कि अगर यह इस क्षेत्र की ओर बढ़ जाता तो मॉनसून झारखंड में पहले आ सकता था।

एक जून से सात जून तक झारखंड में सामान्य बारिश

आईएमडी के अनुसार, एक जून से सात जून तक झारखंड में बारिश सामान्य रही है। इस अवधि के दौरान राज्य में 19.4 मिलीमीटर सामान्य बारिश के मुकाबले 19.2 मिलीमीटर बारिश हुई। आईएमडी द्वारा आधिकारिक तौर पर एक जून से 30 सितंबर तक की बारिश को मॉनसून की बारिश माना जाता है। आनंद ने कहा कि राज्य में रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण किसानों के लिए धान की पौध तैयार करने के लिए स्थिति अनुकूल है।

झारखंड में पिछले मॉनसून में सामान्य बारिश हुई थी। पिछले साल एक जून से 30 सितंबर तक राज्य में 1011.6 मिलीमीटर बारिश हुई थी। झारखंड सरकार ने 2023 में 17 जिलों के 158 प्रखंडों को सूखाग्रस्त घोषित किया था, जबकि 2022 में मानसून के पहले दो महीनों जून और जुलाई में कम बारिश के कारण राज्य के 260 प्रखंडों में से 226 को सूखाग्रस्त घोषित किया गया था। (पीटीआई इनपुट)

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article