ओडिशा के जाजपुर जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां कथित रूप से दूषित दही बड़ा खाने से 58 लोग गंभीर रूप से बीमार पड़ गए, जबकि एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। बीमार होने वालों में 27 बच्चे भी शामिल हैं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है।
यह घटना जाजपुर जिले के दशरथपुर ब्लॉक के पतापुर गांव की है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे से 9:30 बजे के बीच गांव के कई लोगों ने एक सड़क किनारे ठेले से दही बड़ा खाया था। कुछ ही देर बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी।
कई लोगों को हुई उल्टी, दस्त की शिकायत
दही बड़ा खाने के बाद कई लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी समस्याएं होने लगीं। हालत बिगड़ते देख परिजनों ने तुरंत उन्हें नजदीकी सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया। लेकिन कई मरीजों की स्थिति में सुधार नहीं होने पर 52 लोगों को एंबुलेंस के जरिए जाजपुर जिला मुख्यालय अस्पताल रेफर किया गया।
बीमार होने वालों में बच्चे और बड़े दोनों शामिल हैं। जाजपुर के मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी यानी CDMO के अनुसार, प्रभावित लोगों में 25 बच्चे और 27 वयस्क शामिल हैं। वहीं, 6 लोगों का इलाज गांव में ही चल रहा है।
बुजुर्ग की मौत पर ग्रामीणों में आक्रोश
इस घटना में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो जाने से गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों में डर और गुस्सा दोनों देखा जा रहा है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर खुलेआम बिक रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच क्यों नहीं की जाती।
सांसद रवीन्द्र नारायण बेहरा ने मरीजों का लिया जायजा
घटना की गंभीरता को देखते हुए ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग और जाजपुर सांसद रवीन्द्र नारायण बेहरा अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मरीजों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और डॉक्टरों से इलाज की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरे मामले की समीक्षा की।
स्वास्थ्य विभाग ने इस कथित फूड पॉइजनिंग मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दही बड़ा के सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। सड़क किनारे बिकने वाले खाद्य पदार्थों की नियमित जांच और निगरानी की जरूरत को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। फिलहाल अस्पताल में भर्ती मरीजों का इलाज जारी है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
