Tamil Maanila Congress (Moopanar): तमिलनाडु की राजनीति में इस समय बड़े और अप्रत्याशित बदलाव देखने को मिल रहे हैं। इसी बीच तमिल मानिला कांग्रेस (मूपनार) यानि TMC (M) के अध्यक्ष जी.के. वासन (GK Vasan) ने रविवार को एक बेहद महत्वपूर्ण राजनीतिक बयान दिया है। उन्होंने साफ किया है कि उनकी पार्टी फिलहाल भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का हिस्सा नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह जरूर जोड़ा कि भाजपा और अन्नाद्रमुक (AIADMK) दोनों के साथ पार्टी के संबंध काफी दोस्ताना और मधुर हैं।
चेन्नई में पार्टी की आम परिषद (General Council) की बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए वासन ने कहा कि भविष्य में चुनावी गठबंधन क्या होगा, इसका फैसला सिर्फ चुनावों के वक्त ही लिया जाएगा। वर्तमान में पार्टी का पूरा ध्यान किसी गठबंधन के बजाय खुद को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'दाने और पानी के लिए तरसा देंगे...', राजनाथ सिंह की पाकिस्तान को आतंकवाद पर दो टूक, बोले- तीनों सेनाओं को खुली छूट
गठबंधन से सुस्त हो जाते हैं जमीनी कार्यकर्ता-वासन
जी.के. वासन ने एक कड़वी सच्चाई को स्वीकार करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में पार्टी को वैसी चुनावी सफलता और विकास नहीं मिला, जैसी उम्मीद थी। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को अधिक जिम्मेदारी से काम करने की नसीहत दी। वासन के मुताबिक, जब पार्टी किसी गठबंधन (TMC Not In NDA Alliance) का हिस्सा बनती है, तो जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी अक्सर कम हो जाती है और वे सुस्त पड़ जाते हैं। बैठक में शामिल हुए 600 में से 450 से अधिक पदाधिकारियों ने भी यही राय जताई कि पार्टी को बुनियादी स्तर पर मजबूत करने के लिए फिलहाल स्वतंत्र रूप से काम करना चाहिए।
तमिलनाडु की राजनीति में आ रहे हैं हैरान करने वाले बदलाव
पार्टी के पुराने चुनावी सफर को याद करते हुए वासन ने बताया कि टीएमसी 2024 के लोकसभा चुनावों में एनडीए के साथ थी और 2026 के विधानसभा चुनावों में उसने अन्नाद्रमुक (AIADMK) के नेतृत्व वाले गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था।
वासन का यह बयान ऐसे समय में आया है जब अभिनेता विजय की पार्टी 'तमिझगा वेत्री कड़गम' (TVK) ने हालिया विधानसभा चुनावों में 108 सीटें जीतकर राज्य की राजनीति में तहलका मचा दिया है और सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। वासन ने कहा कि तमिलनाडु की राजनीति में हो रहे इन चौंकाने वाले बदलावों ने सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों को हैरान कर दिया है। ऐसे में उनकी पार्टी की प्राथमिकता आगामी स्थानीय निकाय चुनावों से पहले खुद को एक मजबूत और जीतने वाले संगठन के रूप में तैयार करने की है।
