देश

पीएम मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का मामला: नोएडा की युवती पर जीरो FIR दर्ज, जांच के लिए मामला दिल्ली पुलिस को ट्रांसफर

Ruchika Singh Zero FIR Jantar Mantar: जंतर-मंतर पर नीट प्रदर्शन के दौरान पीएम मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने पर नोएडा की रुचिका सिंह पर जीरो FIR दर्ज। मामला जांच के लिए दिल्ली पुलिस को सौंपा गया।

Image

पीएम मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का मामला: नोएडा की युवती पर जीरो FIR दर्ज, जांच के लिए मामला दिल्ली पुलिस को ट्रांसफर

Noida Woman FIR PM Modi Remark: दिल्ली के जंतर-मंतर पर 23 जुलाई को नीट-यूजी (NEET-UG) परीक्षा धांधली के विरोध में आयोजित प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप में नोएडा पुलिस ने एक 25 वर्षीय युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी महिला की पहचान रुचिका सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से फरीदाबाद की रहने वाली है और फिलहाल नोएडा में निवास करती है। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है।

सुप्रीम कोर्ट की वकील की शिकायत पर मामला दर्ज

यह मामला गाजियाबाद के वसुंधरा की निवासी और सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता स्मृति सिंह की शिकायत पर 29 जुलाई को नोएडा के एक्सप्रेसवे थाने में दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर भीड़ को संबोधित करते हुए रुचिका सिंह ने प्रधानमंत्री के संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने, सार्वजनिक शांति भंग करने और समाज में विद्वेष फैलाने की नीयत से अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल किया।

पुलिस ने प्राप्त शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 352, 353(1) और 356(1) के तहत मामला पंजीकृत किया है। चूंकि कथित घटना स्थल न्यू दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है, इसलिए नोएडा पुलिस ने 'जीरो एफआईआर' दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच के लिए मामला दिल्ली पुलिस को ट्रांसफर कर दिया है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ी पुलिस की कड़ाई

नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) द्वारा आयोजित इस प्रदर्शन के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए थे, जिसमें प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री और अन्य केंद्रीय मंत्रियों के खिलाफ नारेबाजी करते दिख रहे थे। दिल्ली पुलिस अब वायरल वीडियो क्लिप्स, डिजिटल सबूतों और मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाएगी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कार्यकर्ताओं ने महिला की पहचान की थी, जिसके बाद से आरोपी महिला और उसका परिवार अपने नोएडा स्थित निवास से गायब हैं।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article