नीतीश कैबिनेट में मंत्री बने सम्राट चौधरी, श्रेयसी सिंह और दीपक प्रकाश की फाइल फोटो।(फोटो सोर्स: टाइम्स नाउ डिजिटल)
Nitish Kumar Oath Ceremony: जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने आज पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में रिकॉर्ड 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कुमार ने भारत के संविधान की शपथ ली।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के कई अन्य शीर्ष नेता शामिल हुए। इस कार्यक्रम में राजग शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी भाग लिया।
राजद ने कसा तंज
गौरतलब है कि शपथ ग्रहण के बाद आरजेडी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया। इस लंबे-चौड़े पोस्ट में राजद ने उन 10 नेताओं का नाम जारी किया, जिनके परिवार के सदस्य पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक रह चुके हैं।
इस लिस्ट को राजद ने 'परिवारवाद' करार देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार ती चुटकी ली। पोस्ट के अंत में लिखा ये मंत्री प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खास आशीर्वाद से परिवारवाद खत्म करके बिहार नया बनाएंगे।
मैं पूर्व मुख्यमंत्री व गया से सांसद और वर्तमान केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का पुत्र, वर्तमान विधायक ज्योति मांझी का दामाद और वर्तमान विधायक दीपा मांझी का पति संतोष सुमन मांझी!
𝟐. मैं पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी और पूर्व विधायक स्व॰ श्रीमती पार्वती देवी का उपमुख्यमंत्री पुत्र सम्राट चौधरी!
𝟑. मैं पूर्व केंद्रीय मंत्री, वर्तमान राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा और वर्तमान विधायक श्रीमती स्नेहलता का पुत्र दीपक प्रकाश
𝟒. मैं पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह और पूर्व सांसद पुतुल कुमारी की पुत्री श्रेयसी सिंह।
𝟓. मैं पूर्व केंद्रीय मंत्री कैप्टन जय नारायण निषाद की पुत्रवधु और पूर्व सांसद अजय निषाद की पत्नी रमा निषाद।
𝟔. मैं पूर्व विधायक जगदीश प्रसाद चौधरी का पुत्र विजय चौधरी।
𝟕. मैं पूर्व मंत्री महावीर चौधरी का पुत्र और समस्तीपुर की वर्तमान सांसद शांभवी चौधरी का पिता अशोक चौधरी।
𝟖. मैं पूर्व विधायक नवीन किशोर सिन्हा का पुत्र नितिन नबीन.
𝟗. मैं पूर्व मंत्री चन्द्रिका राम का पुत्र और पूर्व विधायक अनिल कुमार का भाई सुनील कुमार!
𝟏𝟎. मैं समता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष स्व॰ भूटन सिंह की पत्नी लेसी सिंह।
ईश्वर की शपथ लेता हूं कि मैं परिवारवाद के घोर विरोधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी के विशेष स्नेह एवं आशीर्वाद से बिहार की राजनीति से परिवारवाद को समाप्त करके एक नए बिहार का निर्माण करूंगा।
नई सरकार में हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के संतोष कुमार सुमन मंत्री बनाए गए हैं। वो पूर्व सीएम और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के बेटे हैं। भले ही इस चुनाव में पार्टी ने पांच सीटें जीती, लेकिन इन नए विधायकों में किसी को मंत्री नहीं बना गया बल्कि विधान परिषद के सदस्य संतोष सुमन को मंत्री बनाया गया।
वहीं, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेता उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश बिना चुनाव जीते ही मंत्री बनाए। समारोह में जींस-शर्ट पहनकर आए दीपक ने मंत्री पद की शपथ ली। बता दें कि 36 वर्षीय दीपक प्रकाश कंप्यूटर साइंस इंजीनियर हैं। सीटों के बंटवारे में कुशवाहा की नाराजगी को ध्यान में रखते हुए उन्हें विधान परिषद की सीट दी गई।
आरजेडी की इस लिस्ट में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का भी नाम है। तारापुर से विधायक चुने गए सम्राट चौधरी के पिता शकुनी चौधरी छह बार विधायक और सांसद रहे हैं। उनकी मां पार्वती देवी भी तारापुर सीट से विधायक रही हैं।
इस लिस्ट में श्रेयसी सिंह का नाम भी है। श्रेयसी, पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह और पूर्व सांसद पुतुल कुमारी की यह बेटी पिता की विरासत को आगे बढ़ा रही हैं। जमुई सीट से जीत दर्ज की है। इस सीट पर उन्होंने राजद के मोहम्मद शमशाद आलम को 54498 वोटों से हराया। 34 वर्षीय श्रेयसी डबल ट्रैप स्पर्धा में 2018 में राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण और 2014 में रजत समेत कई बड़े मंचों पर पदक जीत चुकी हैं।
यह भी पढ़ें: कौन हैं नीतीश सरकार के 26 मंत्री, किसे हराकर पहुंचे विधानसभा, जानें बिहार के किस इलाके से आते हैं
भाजपा नेता सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, दिलीप जायसवाल, मंगल पांडेय, राम कृपाल यादव, अरुण शंकर प्रसाद, रमा निषाद, नितिन नबीन और सुरेंद्र प्रसाद मेहता ने बिहार के मंत्री के रूप में शपथ ली।
जनता दल (यू) के विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, मदन सहनी, सुनील कुमार और मोहम्मद जमा खान ने भी बिहार के मंत्री के रूप में शपथ ली। इसके अलावा हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के संतोष सुमन ने भी बिहार के मंत्री पद की शपथ ली।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।