देश

'चोरों के सरदार' टिप्पणी मामला: राहुल गांधी को बड़ा झटका, बॉम्बे हाईकोर्ट ने खारिज की याचिका

Rahul Gandhi News: नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बॉम्बे हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। "चोरों के सरदार" वाली टिप्पणी में राहुल गांधी को मानहानि केस का सामना करना पड़ेगा।

Image

कांग्रेस नेता राहुल गांधी (फाइल फोटो- Congress)

Rahul Gandhi News: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को आपराधिक मानहानि मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। बॉम्बे हाईकोर्ट ने मंगलवार को राहुल गांधी की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ दी गई अपनी एक पुरानी टिप्पणी के मामले में दर्ज मानहानि की शिकायत को रद्द करने की मांग की थी। राहुल गांधी ने अपने भाषण में प्रधानमंत्री मोदी के संदर्भ में "चोरों के सरदार" और "कमांडर-इन-थीफ" जैसे शब्दों का कथित तौर पर इस्तेमाल किया था।

जस्टिस नितिन बोरकर की पीठ ने सुनाया फैसला

मामले की सुनवाई कर रहे बॉम्बे हाईकोर्ट के एकल पीठ के न्यायाधीश न्यायमूर्ति नितिन बोरकर ने याचिका को खारिज करते हुए अपना फैसला सुनाया। अदालत का विस्तृत आदेश पत्र जल्द ही उपलब्ध कराया जाएगा। इससे पहले, शिकायतकर्ता, राहुल गांधी के कानूनी पक्ष और महाराष्ट्र सरकार की दलीलों को विस्तार से सुनने के बाद अदालत ने इस साल फरवरी महीने में अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।

क्या है पूरा मामला?

यह आपराधिक मानहानि शिकायत भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता महेश श्रीश्रीमाल द्वारा मुंबई स्थित मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत में दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर मजिस्ट्रेट कोर्ट ने राहुल गांधी को समन जारी किया था, जिसके खिलाफ राहुल गांधी ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। शिकायतकर्ता का तर्क है कि राहुल गांधी की यह टिप्पणी सीधे तौर पर प्रधानमंत्री और देश की सत्तारूढ़ पार्टी व उसके कार्यकर्ताओं की छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से की गई थी। प्रधानमंत्री को "चोरों का सरदार" कहना परोक्ष रूप से बीजेपी के सभी कार्यकर्ताओं और सदस्यों को "चोर" बताने जैसा है। ऐसे में पार्टी के किसी भी कार्यकर्ता को मानहानि की कानूनी कार्रवाई शुरू करने का पूरा अधिकार है।

अदालत द्वारा याचिका खारिज किए जाने के बाद अब राहुल गांधी को निचली अदालत में इस आपराधिक मानहानि की प्रक्रिया का सामना करना पड़ेगा।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article