New Year 2026 Celebration: साल 2025 अपनी खट्टी-मीठी यादों के साथ अलविदा कहने वाला है। देश में घड़ी के 12 बजते ही नए साल की शुरुआत हो जाएगी। कई राज्यों में लोगों ने अभी से जश्न मनाना शुरू कर दिया है। 2026 का स्वागत करने के लिए दुनिया भर में तैयारियाँ जोरों पर हैं, और लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ मिलकर नए साल का स्वागत करने की तैयारी कर रहे हैं।
नए साल का आगमन कई लोग मंदिरों में पूजा-अर्चना के साथ करने की योजना बना रहे हैं। इसी वजह से वैष्णो देवी, अयोध्या राम मंदिर, काशी विश्वनाथ, उज्जैन महाकाल सहित देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भारी संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं। वहीं, शिमला, मनाली और देहरादून जैसे हिल स्टेशनों पर भी पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है। दूसरी तरफ दिल्ली, मुंबई, चंडीगढ़, बेंगलुरु और पुणे जैसे बड़े शहरों में नए साल के जश्न के लिए भव्य तैयारियां की गई हैं।
दिल्ली में नए साल की शाम को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। 31 दिसंबर और 1 जनवरी के मद्देनजर दिल्ली और नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने विशेष सलाह जारी की है, ताकि लोगों को यात्रा के दौरान कम से कम दिक्कतों का सामना करना पड़े।
नए साल का जश्न मनाने के लिए यूपी के नोएडा में स्थित गार्डन गैलेरिया मॉल में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। बता दें कि, जश्न के मद्देनजर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
नव वर्ष के मद्देनजर मुंबई के बांद्रा रिक्लेमेशन इलाके को खूबसूरत लाइटों से सजाया गया है।
हिमाचल प्रदेश की फेमस टूरिस्ट डेस्टिनेशन मनाली में नए साल की पूर्व संध्या यानी 31 दिसंबर को पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान लोग नाचते-गाते नजर आए।
इसी के साथ, गुजरात भी न्यू ईयर के जश्न में पीछे नहीं रहा। अहमदाबाद में नए साल से पहले 31 दिसंबर की शाम को लोग पार्टी करते हुए देखें गए।
श्रद्धालुओं और सैलानियों की भारी भीड़
नए साल 2026 (New Year 2026) से पहले पूरे देश के धार्मिक स्थानों और पर्यटन केंद्रों पर श्रद्धालुओं और सैलानियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। अयोध्या के रामलला और काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए कई किलोमीटर लंबी कतारें लगी हैं, जहां करीब तीन किलोमीटर तक बैरिकेडिंग की गई है और लोगों को कुछ ही सेकंड के लिए दर्शन का अवसर मिल रहा है। राजस्थान के सीकर में स्थित खाटूश्यामजी मंदिर में भी भक्त घंटों इंतजार करने के बाद दर्शन कर पा रहे हैं। वहीं, जैसलमेर न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए प्रमुख आकर्षण बन गया है, जहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं।
पुरी में भक्तों का सैलाब
भगवान जगन्नाथ के दर्शन और जश्न में शामिल होने के लिए पुरी में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए बुधवार को सख्त सुरक्षा इंतजाम किए गए। पुरी के एसपी प्रतीक सिंह के अनुसार, बुधवार रात से लेकर गुरुवार तक करीब 3.5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने करीब 70 प्लाटून (लगभग 2,100 जवान) तैनात किए हैं, 300 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और समुद्र तट पर लगभग 300 लाइफगार्ड भी तैनात किए गए हैं।
