New Year 2026: न्यू ईयर इव पार्टी (New Year Eve Party) और न्यू ईयर पार्टी (New Year 2026 Party) का जश्न मनाने के लिए अगर आप घर से बाहर निकल रहे हैं तो पहले ट्रैफिक से जुड़ी जरूरी जानकारी जरूर देख लें। नियमों और एडवाइजरी को नजरअंदाज करने पर ऐसा भी हो सकता है कि आपको सेलिब्रेशन किए बिना ही लौटना पड़ जाए। इसी तरह, अगर आप दिल्ली से नोएडा जाने की सोच रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक पुलिस के निर्देश पढ़ लेना बेहतर रहेगा। छोटी-सी लापरवाही भी न्यू ईयर का मजा बिगाड़ सकती है। 31 दिसंबर और 1 जनवरी के लिए दिल्ली-नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है, ताकि लोगों को सफर के दौरान कम से कम परेशानी हो।
नो पास-नो एंट्री की जानकारी
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है कि न्यू ईयर ईव से लेकर नए साल की शाम तक कनॉट प्लेस में केवल 3000 गाड़ियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। ये वही वाहन होंगे जिनके पास पुलिस द्वारा जारी किया गया एंट्री पास होगा। जिनके पास एंट्री पास नहीं होगा, उन्हें अपनी गाड़ी कनॉट प्लेस के अंदर नहीं ले जाने दिया जाएगा और उन्हें बाहर निर्धारित पार्किंग एरिया में ही वाहन खड़ा करना होगा। साथ ही, इन दो दिनों में भीड़ अधिक होने के कारण कनॉट प्लेस के आसपास मौजूद पार्किंग में भी गाड़ी रखने की सुविधा केवल पहले आने वालों को ही मिल पाएगी।
इन रास्तों पर रहेगी नाकाबंदी
बता दें कि, 31 दिसंबर 2025 की शाम 7 बजे से ही कनॉट प्लेस और इंडिया गेट के आसपास कड़े ट्रैफिक नियम लागू होंगे। इस दौरान कनॉट प्लेस की ओर जाने वाले सभी मार्गों पर नाकाबंदी रहेगी। मंडी हाउस, बंगाली मार्केट, पटेल चौक, गोल मार्केट, विंडसर प्लेस, आरके आश्रम मार्ग और मिंटो रोड जैसे कई राउंडअबाउट से आगे वाहनों को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। साथ ही, कनॉट प्लेस के इनर, मिडिल और आउटर सर्कल में भी आम वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। केवल उन्हीं गाड़ियों को अंदर जाने दिया जाएगा जिनके पास वैध एंट्री पास होगा।
कनॉट प्लेस में पार्किंग की संख्या सीमित
कनॉट प्लेस में पार्किंग की संख्या सीमित होगी और गाड़ी खड़ी करने की सुविधा केवल पहले आने वालों को ही मिलेगी। जो वाहन निर्धारित जगह के बाहर पार्क किए जाएंगे, उनके खिलाफ चालान लगाया जाएगा और जरूरत पड़ने पर गाड़ी को टो भी किया जा सकता है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए कनॉट प्लेस से चेल्म्सफोर्ड रोड का मार्ग बंद रहेगा, इसलिए उन्हें अजमेरी गेट, पहाड़गंज या अन्य वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना होगा। वहीं, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर इन ट्रैफिक पाबंदियों का कोई असर नहीं पड़ेगा।
इन रास्तों पर जानें से बचने की सलाह
दिल्ली में कुछ मार्गों पर ट्रैफिक से बचने की सलाह दी गई है। नॉर्थ–साउथ मूवमेंट के लिए रिंग रोड, दिल्ली गेट, बहादुर शाह जफर मार्ग और मथुरा रोड वैकल्पिक रास्ते के रूप में इस्तेमाल किए जा सकते हैं, जबकि ईस्ट–वेस्ट मूवमेंट के लिए रिंग रोड, भैरों रोड और मथुरा रोड सुझाए गए हैं। अगर इंडिया गेट पर भीड़ ज्यादा होगी, तो सी-हेक्सागन और इंडिया गेट एरिया में वाहनों का प्रवेश रोक दिया जा सकता है। इसके अलावा, जनपथ, राजपथ, विंडसर प्लेस, मंडी हाउस और मथुरा रोड से भी डायवर्जन लागू किया जा सकता है।
नोएडा के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी
31 दिसंबर को दोपहर 2:00 बजे से रात तक सेक्टर-18 में यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। नए साल के जश्न के दौरान सेक्टर-18 मार्केट आने वाले वाहन चालक अपने वाहनों को सेक्टर-18 मल्टीलेवल पार्किंग में खड़ा कर वहां से अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं। अट्टापीर चौक से आने वाले वाहन HDFC बैंक के कट के रास्ते से मल्टीलेवल पार्किंग तक पहुंच सकेंगे। वहीं, रेडिसन तिराहा से भी वाहन मल्टीलेवल पार्किंग की ओर जा सकेंगे, जहां चालक अपने वाहन पार्क करके अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।
मेट्रो स्टेशन सेक्टर-18 के नीचे बना कट सेक्टर-18 से बाहर जाने वाले वाहनों के लिए खुला रहेगा। इसी तरह, मोजेक होटल के पास बने दोनों कट भी सेक्टर-18 से निकलने वाले वाहनों के लिए उपलब्ध रहेंगे। सेक्टर-18 बिजलीघर तिराहे से भी वाहन बाहर जा सकेंगे। वहीं, गुरुद्वारे के पास एफओबी (फुट-ओवर ब्रिज) के आगे और पीछे स्थित दोनों कटों से सेक्टर-18 में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी, इन्हें अंदर आने वाले वाहनों के लिए बंद रखा जाएगा।
मेट्रो सेक्टर-18 के नीचे से सेक्टर-18 मार्केट की ओर जाने वाला मार्ग प्रवेश के लिए बंद रहेगा। मोज़ेक होटल के पास स्थित दोनों कट भी सेक्टर-18 मार्केट में अंदर जाने के लिए बंद किए जाएंगे। सोमदत्त टावर से टॉयज खजाना चौराहा और हल्दीराम चौराहे के पास से चाइना कट की दिशा में किसी भी वाहन को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं होगी। इसी तरह, सेक्टर-18 बिजलीघर तिराहे से भी सेक्टर-18 की ओर वाहनों का प्रवेश रोका जाएगा।
जरूरत पड़ने पर सेक्टर-17/18 नलकूप तिराहे से नर्सरी तिराहे की दिशा में जाने वाले वाहनों का प्रवेश रोका जा सकता है। नर्सरी तिराहे से अट्टा चौक — मेट्रो स्टेशन सेक्टर-18 की ओर, तथा मेट्रो स्टेशन सेक्टर-18 से अट्टापीर की तरफ जाने वाला पूरा मार्ग नो-पार्किंग क्षेत्र घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में वाहन खड़ा करने पर ई-चालान, प्रवर्तन कार्रवाई या वाहन को टो किए जाने की कार्रवाई की जाएगी।
डीएलएफ मॉल, सेक्टर-18
वाहन चालक अपने वाहनों को डीएलएफ मॉल के अंदर मौजूद पार्किंग में खड़ा कर सकते हैं। मॉल के सामने सार्वजनिक सड़क पर वाहन पार्क करने पर नियमों के अनुसार ई-चालान, प्रवर्तन कार्रवाई या वाहन टो किए जाने की कार्रवाई की जाएगी।
जीआईपी / गार्डन गैलेरिया
सेक्टर-37 की दिशा से आने वाले वाहन चालक जीआईपी/गार्डन गैलेरिया मॉल के भीतर बनी पार्किंग में वाहन खड़ा कर सकते हैं। मॉल के सामने बने नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने पर ई-चालान, प्रवर्तन या टॉयिंग की कार्रवाई की जाएगी।
लॉजिक्स सिटी सेंटर
लॉजिक्स मॉल आने वाले लोग निर्धारित पार्किंग स्थल पर अपने वाहन पार्क कर सकेंगे। यदि मॉल के सामने ट्रैफिक अधिक हो जाता है, तो लॉजिक्स तिराहे से सेक्टर-31/25 चौराहे की ओर यातायात डायवर्ट किया जाएगा। साथ ही, मॉल के सामने नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने पर ई-चालान, प्रवर्तन या टॉयिंग की कार्यवाही की जाएगी।
स्काई वन और स्टर्लिंग मॉल
वाहन चालक अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कर सकते हैं। यदि स्काई वन और स्टर्लिंग मॉल के सामने ट्रैफिक का दबाव बढ़ता है, तो हाजीपुर चौक और लोटस ब्लू वर्ल्ड तिराहे से यातायात को डायवर्ट किया जाएगा। साथ ही, इन मॉल्स के सामने बने नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़ा करने पर नियमों के तहत ई-चालान, प्रवर्तन कार्रवाई या टॉयिंग की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
गुलशन मॉल, सेक्टर-135
गुलशन मॉल सेक्टर-135 आने वाले चालक मॉल परिसर की पार्किंग में वाहन खड़ा कर सकते हैं। एडवांट नेविस बिज़नेस पार्क के सामने नो-पार्किंग में वाहन लगाने पर ई-चालान, प्रवर्तन या टॉयिंग की कार्रवाई की जाएगी।
एडवांट नेविस बिज़नेस पार्क, सेक्टर-137
एडवांट नेविस बिज़नेस पार्क पहुंचने वाले वाहन चालक वहीं उपलब्ध पार्किंग में अपने वाहन खड़े कर सकेंगे। इसके सामने स्थित नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन लगाने वालों के खिलाफ ई-चालान, प्रवर्तन या टॉयिंग की कार्यवाही की जाएगी।
गौर सिटी
वाहन चालक किसान चौक के आसपास स्थित मॉल की पार्किंग में अपने वाहन खड़ा कर सकते हैं। यदि सार्वजनिक सड़कों पर नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन पाया गया, तो नियमों के तहत प्रवर्तन, सीज या टॉयिंग की कार्रवाई की जाएगी।
31 दिसंबर की शाम और नववर्ष 1 जनवरी 2026 के दौरान किसान चौक (गौर सिटी मॉल चौक) पर ट्रैफिक बढ़ने की स्थिति में नीचे दिए गए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग किया जा सकता है:
- नोएडा से किसान चौक होकर गाजियाबाद जाने वाले वाहन मॉडल टाउन या छिजारसी मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।
- नोएडा से किसान चौक होते हुए ग्रेटर नोएडा जाने वाले वाहन पर्थला गोलचक्कर से दाईं ओर मुड़कर सोरखा—बिसरख हनुमान मंदिर के रास्ते आगे बढ़ सकते हैं।
- तिलपता से किसान चौक आने वाला यातायात डी-पार्क चौकी से होते हुए चौगानपुर गोलचक्कर के रास्ते गंतव्य तक जा सकता है।
- गाजियाबाद से नोएडा आने वाले वाहन शाहबेरी और ताज हाईवे की दिशा से न आकर, छिजारसी या मॉडल टाउन (सेक्टर-62) मार्ग का उपयोग कर सकते हैं।
- ग्रेटर नोएडा से किसान चौक होते हुए पर्थला जाने वाला यातायात बिसरख हनुमान मंदिर से बाईं ओर मुड़कर सोरखा—पर्थला मार्ग से आगे जा सकेगा।
जगत फार्म
जगत फार्म मार्केट आने वाले वाहन चालक निर्धारित पार्किंग में अपने वाहन खड़ा कर सकते हैं। यदि सार्वजनिक सड़क पर नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन पाया गया, तो नियमों के अनुसार प्रवर्तन या सीज़ की कार्रवाई की जाएगी।
ग्रैंड वेनिस मॉल
ग्रैंड वेनिस मॉल पहुंचने वाले लोग मॉल परिसर की पार्किंग का उपयोग कर सकेंगे। मॉल के सामने बने नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन पार्क करने पर ई-चालान, प्रवर्तन या टॉयिंग की कार्यवाही की जाएगी।
परी चौक और आसपास का क्षेत्र
परी चौक आने वाले वाहन चालक, आसपास स्थित अंसल/वेनिस मॉल की पार्किंग में वाहन खड़ा कर सकते हैं। सार्वजनिक मार्ग पर नो-पार्किंग में वाहन मिलने पर नियमों के तहत प्रवर्तन या सीज़ की कार्रवाई होगी। अंसल मॉल जाने वाले वाहनों के लिए सर्विस रोड का उपयोग किया जा सकता है। परी चौक पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ने पर अल्फा गोलचक्कर और पी-03 गोलचक्कर से यातायात डायवर्ट किया जाएगा। नववर्ष की पूर्व संध्या (31.12.2025) को शाम 3:00 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक, सेक्टर-60 से एलिवेटेड रोड के जरिए सेक्टर-18 की ओर आने वाले भारी, मध्यम और हल्के माल वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
