देश

चुनाव आयोग का नया ऐप जारी, ज्ञानेश कुमार ने बताया भ्रामक सूचनाओं से मुकाबले का हथियार

‘ईसीआईनेट’ अपने 40 से अधिक मौजूदा मोबाइल और वेब एप्लिकेशन को एकीकृत करेगा और सभी चुनाव-संबंधी गतिविधियों के लिए एक एकल मंच प्रदान करेगा। ज्ञानेश कुमार ने ‘ईसीआईनेट’ (ECINET) को गलत सूचनाओं के प्रसार की चुनौती से निपटने के लिए एक औजार करार दिया

Image

ECI का नया ऐप लॉन्च (File photo)

Photo : ANI

New EC App Launched: मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने गुरुवार को मतदाताओं, अधिकारियों और राजनीतिक दलों के लिए एक नया डिजिटल ऐप जारी किया और कहा कि यह भ्रामक सूचना का मुकाबला करने का एक हथियार है। उन्होंने नई दिल्ली में एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने वाले देशों के चुनाव प्रबंधन निकायों को उनकी भाषाओं में और उनके कानूनों के अनुसार इसी तरह का उपकरण विकसित करने में सहायता की पेशकश की।

‘ईसीआईनेट’ करेगा भ्रामक सूचनाओं से मुकाबला

कुमार ने बताया कि सम्मेलन के दौरान विभिन्न चुनाव प्रबंधन निकायों के प्रमुखों ने भ्रामक सूचना के विषय पर चिंता जताई थी। उन्होंने ‘ईसीआईनेट’ (ECINET) को गलत सूचनाओं के प्रसार की चुनौती से निपटने के लिए एक औजार करार दिया क्योंकि इस पर चुनाव संबंधी सभी तथ्य उपलब्ध हैं। ‘ईसीआईनेट’ अपने 40 से अधिक मौजूदा मोबाइल और वेब एप्लिकेशन को एकीकृत करेगा और सभी चुनाव-संबंधी गतिविधियों के लिए एक एकल मंच प्रदान करेगा।

यह नया प्लेटफॉर्म यूजर्स पर कई ऐप डाउनलोड करने, नेविगेट करने और विभिन्न लॉगिन याद रखने के बोझ को कम करेगा। इसके अतिरिक्त, ईसीआईनेट उपयोगकर्ताओं को अपने डेस्कटॉप या स्मार्टफोन पर प्रासंगिक चुनावी डेटा तक पहुंचने में भी सक्षम बनाएगा। यह सुनिश्चित करने के लिए कि डेटा यथासंभव सटीक है, ईसीआईनेट पर डेटा केवल निर्वाचन आयोग के अधिकृत अधिकारी द्वारा दर्ज किया जाएगा।

संबंधित अधिकारी द्वारा की गयी प्रविष्टि यह सुनिश्चित करेगी कि हितधारकों को उपलब्ध कराया गया डेटा यथासंभव सटीक है। हालांकि, किसी भी टकराव की स्थिति में वैधानिक प्रपत्रों में विधिवत भरा हुआ प्राथमिक डेटा मान्य होगा। ईसीआईनेट, वोटर हेल्पलाइन ऐप, वोटर टर्नआउट ऐप, सीविजिल, सुविधा, सक्षम और केवाईसी ऐप जैसे मौजूदा ऐप को समाहित कर देगा, जिसके कुल मिलाकर 5.5 करोड़ से अधिक डाउनलोड हो चुके हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article