शहर

फरीदाबाद में तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, दो पुलिसकर्मियों की मौत, CCTV में कैद हुआ हादसा

फरीदाबाद के सोहना रोड पर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो पुलिसकर्मियों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैफिक पुलिसकर्मी नवीन और अभिषेक की मौत हो गई।

Image

फरीदाबाद रोड एक्सीडेंट में दो पुलिसकर्मियों की मौत

फरीदाबाद : सोहना रोड पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दोनों पुलिसकर्मियों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों पुलिसकर्मी सड़क पर गिर गए और डंपर उन्हें काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई। मृतकों की पहचान ट्रैफिक पुलिसकर्मी नवीन और उनके साथी अभिषेक के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, दोनों पुलिसकर्मी बाइक पर सवार होकर ड्यूटी के सिलसिले में सोहना रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

मौके पर नवीन की मौत

टक्कर लगते ही दोनों पुलिसकर्मी बाइक से सड़क पर जा गिरे। हादसे में नवीन को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों और डंपर की रफ्तार समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। हादसे की CCTV फुटेज में डंपर द्वारा बाइक को टक्कर मारने की घटना कैद हुई है, जिससे जांच में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नवीन और अभिषेक पर्वतीय कॉलोनी क्षेत्र में राइडर ड्यूटी पर तैनात थे। ड्यूटी के दौरान हुए इस हादसे में दोनों की मौत से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। एसीपी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और डंपर चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और डंपर की रफ्तार कितनी थी, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article