देश

'मां, मुझे माफ कर देना...अगले जनम मैं तेरा ही बेटा बनूं'; हिंगोली में भावुक वीडियो रिकॉर्ड कर कुएं में कूदा NEET अभ्यर्थी

महाराष्ट्र के हिंगोली में एक नीट अभ्यर्थी द्वारा आत्महत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।

Image

नीट अभ्यर्थी की कथित आत्महत्या का मामला।

महाराष्ट्र के हिंगोली से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां हाल में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-स्नातक (यूजी) की पुनर्परीक्षा देने वाले 18 वर्षीय अभ्यर्थी सुशील धागे ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या करने से पहले उसने अपनी मां के लिए एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया था। अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हिंगोली शहर के अष्टविनायक नगर निवासी सुशील धागे ने बुधवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे एक कुएं में छलांग लगा दी। उन्होंने बताया कि आत्महत्या करने से पहले सुशील ने अपनी मां से माफी मांगते हुए 33 सेकंड का एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। इस वीडियो में सुशील कह रहा है, 'मैं आत्महत्या करने जा रहा हूं और आप (मां) चिंता न करें। अगले जन्म में, मैं भी आपकी संतान के रूप में जन्म लेना चाहता हूं। मुझे माफ करना।'

वहीं, आत्महत्या के बाद परिजनों का दावा है कि सुशील NEET-UG की पुनर्परीक्षा को लेकर तनाव में था। परिवार ने पुलिस को बताया कि उसे री-एग्जाम का प्रश्नपत्र काफी कठिन लगा था और वह इसे लेकर परेशान था। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि परीक्षा का उसकी आत्महत्या से सीधा संबंध था या नहीं।

परिजनों के आरोपों के बाद अधिकारियों ने बताया कि अब मामले में इस बात की जांच की जा रही है कि क्या सुशील धागे द्वारा उठाये गये इस कदम का राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर की मेडिकल प्रवेश परीक्षा से कोई संबंध था या आत्महत्या की कोई और वजह थी।

उन्होंने कहा कि पुलिस ने फिलहाल आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है। हिंगोली शहर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि परिवार की शिकायत में नीट की पुनर्परीक्षा का जिक्र है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या परीक्षा और इस घटना के बीच कोई संबंध है।

गौरतलब है कि गौरतलब है कि नीट यूजी 2026 का प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के बाद तीन मई को आयोजित NEET-UG परीक्षा रद्द कर दी गई थी। इसके बाद 21 जून को देशभर में 22 लाख से अधिक मेडिकल अभ्यर्थियों ने दोबारा परीक्षा दी थी। सुशील भी इन्हीं अभ्यर्थियों में शामिल था।फिलहाल पुलिस वीडियो, परिवार के बयान और अन्य परिस्थितियों के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छात्र द्वारा उठाए गए इस कदम के पीछे आखिर कौन से कारण जिम्मेदार थे।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article