देश

Assam: NDA नेता करेंगे सरकार बनाने का दावा पेश, विधायक दल की बैठक में हिमंता के नाम पर मुहर

Assam Govt Formation: एनडीए में असम गण परिषद (AGP) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) भी शामिल हैं। इनके आज सरकार बनाने का दावा पेश करने की उम्मीद है।

Image

असम में सरकार बनाने का दावा पेश करेगी एनडीए

Photo : PTI

Assam Govt Formation: भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले एनडीए के नेता पूर्वोत्तर राज्य असम में अगली सरकार के गठन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए रविवार को राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाकात करेंगे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में राज्यपाल से मुलाकात सुबह करीब 11.15 बजे लोकसभा भवन में होगी। एक अधिकारी ने कहा कि नई सरकार के गठन से संबंधित मामलों पर चर्चा की जाएगी।

NDA पेश करेगा सरकार बनाने का दावा

एनडीए में असम गण परिषद (AGP) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) भी शामिल हैं। इनके आज सरकार बनाने का दावा पेश करने की उम्मीद है। विधानसभा चुनावों में दो-तिहाई बहुमत के साथ भाजपा ने राज्य में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल की। 126 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को 82 सीटें मिलीं, जबकि उसके सहयोगी असम गण परिषद (एजीपी) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) को 10-10 सीटें मिलीं।

12 मई को सुबह 11 बजे शपथ

हिमंता सरमा ने शुक्रवार को कहा था कि भाजपा नेता के चुनाव के बाद, एजीपी और बीपीएफ द्वारा इसकी पुष्टि की जाएगी, जिसके बाद नए नेता राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। उन्होंने कहा था कि शपथ ग्रहण समारोह 12 मई को सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में होगा। सरमा ने बुधवार को राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया था, जिन्होंने उनसे कार्यवाहक सरकार के प्रमुख के रूप में बने रहने का अनुरोध किया था।

हिमंता बिस्वा सरमा होंगे सीएम

हिमंता बिस्वा सरमा एक बार फिर असम के मुख्यमंत्री होंगे। आज बीजेपी विधायक दल की बैठक में हिमंता के नाम पर मुहर लगी। राज्यपाल से मुलाकात से पहले भाजपा और उसके सहयोगी दलों के विधायक दल की सुबह 9 बजे गुवाहाटी में बैठक हुई। पार्टी के विधायक रविवार सुबह अटल बिहारी वाजपेयी भवन में मिले और विधायक दल के नए नेता का चुनाव किया। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी क्रमशः केंद्रीय पर्यवेक्षक और सह-पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे। नड्डा ने हिमंता के नाम का ऐलान किया।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article