देश

जिस एकनाथ शिंदे ने गिराई थी उद्धव ठाकरे की सरकार, उसी से मिलने पहुंचे MVA सहयोगी शरद पवार; जानिए क्या हुई बात

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Jun 2, 2023, 12:04 AM IST

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी राकांपा के अध्यक्ष शरद पवार ने बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात कर, उन्हें मराठा मंदिर संगठन के 75वें स्थापना दिवस समारोह के लिए आमंत्रित किया।

Image

एकनाथ शिंदे से मिले शरद पवार

Photo : Twitter

महाराष्ट्र की राजनीति में कब क्या हो जाए कहा नहीं जा सकता था। अभी तक एनसीपी मुखिया शरद पवार के भतीजे अजीत पवार भाजपा के नजदीक दिख रहे थे, अब शरद पवार ने जो किया है, वो कांग्रेस और उद्धव ठाकरे को शायद ही पसंद आए। कांग्रेस को तो आ भी जाए, उद्धव ठाकरे को तो बिलकुल पसंद नहीं होगा। जिस एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे की सरकार गिराई थी, उसी को एक कार्यक्रम का न्यौता देने शरद पवार एकनाथ शिंदे से मिलने पहुंच गए। हालांकि राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात के कुछ और भी चर्चे हैं।

शरद पवार ने दिया न्यौता

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी राकांपा के अध्यक्ष शरद पवार ने बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात कर, उन्हें मराठा मंदिर संगठन के 75वें स्थापना दिवस समारोह के लिए आमंत्रित किया। पवार ने मालाबार हिल में स्थित मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास वर्षा में शिंदे से मुलाकात की। पवार मुंबई स्थित मराठा मंदिर संस्था के अध्यक्ष हैं।

क्या हुई बात

पवार ने कहा कि उन्होंने कलाकारों और मराठी फिल्म उद्योग तथा रंगमंच से जुड़े लोगों के सामने आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए एक बैठक आयोजित करने के लिए मुख्यमंत्री के साथ चर्चा की। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ करीब आधे घंटे तक की मीटिंग हुई। पिछले साल महा विकास अघाड़ी सरकार गिरने के बाद और शिंदे के मुख्यमंत्री बनने के बाद पवार के साथ यह पहली बैठक थी।

महाराष्ट्र में खेला

एमवीए में तीन पार्टी है। कांग्रेस, उद्धव गुट की शिवसेना और एनसीपी। एनसीपी मुखिया शरद पवार के भतीजे अजीत पवार को लेकर पहले से ही अटकलें हैं कि वो बीजेपी के साथ जा सकते हैं। बीजेपी के नेताओं से वो संपर्क में भी हैं। अजीत पवार पहले भी बगावत कर चुके हैं। अब शरद पवार की शिंदे के साथ मुलाकात भी कुछ अलग ही कहानी बयां कर रही है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article