Naxal Free Bharat: नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार भारत को नक्सल मुक्त बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। इस कड़ी में सुरक्षाबलों को छत्तीसगढ़ में बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। सुरक्षाबलों ने नक्सल विरोधी अभियान में छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा के कुर्रगुट्टालू पहाड़ पर 31 कुख्यात नक्सलियों को मार गिराया है। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुरक्षाबलों की जमकर प्रशंसा की और इसे नक्सल मुक्त भारत के संकल्प में ऐतिहासिक सफलता करार दिया।
क्या कुछ बोले अमित शाह?
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा, '' नक्सल मुक्त भारत के संकल्प में एक ऐतिहासिक सफलता प्राप्त करते हुए सुरक्षा बलों ने नक्सलवाद के विरुद्ध अब तक के सबसे बड़े ऑपरेशन में छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा के कुर्रगुट्टालू पहाड़ (KGH) पर 31 कुख्यात नक्सलियों को मार गिराया।''
उन्होंने कहा कि जिस पहाड़ पर कभी लाल आतंक का राज था, वहां आज शान से तिरंगा लहरा रहा है। कुर्रगुट्टालू पहाड़ PLGA बटालियन 1, DKSZC, TSC & CRC जैसी बड़ी नक्सल संस्थाओं का एकीकृत मुख्यालय था, जहां नक्सल ट्रेनिंग के साथ-साथ रणनीति और हथियार भी बनाए जाते थे।
21 दिनों में पूरा हुआ सबसे बड़ा अभियान
अमित शाह ने कहा कि नक्सल विरोधी इस सबसे बड़े अभियान को हमारे सुरक्षाबलों ने मात्र 21 दिनों में पूरा किया और मुझे अत्यंत हर्ष है कि इस ऑपरेशन में सुरक्षा बलों में एक भी casualty नहीं हुई। खराब मौसम और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में भी अपनी बहादुरी और शौर्य से नक्सलियों का सामना करने वाले हमारे CRPF, STF और DRG के जवानों को बधाई देता हूँ। पूरे देश को आप पर गर्व है।
उन्होंने आगे कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में हम नक्सलवाद को जड़ से मिटाने के लिए संकल्पित हैं। मैं देशवासियों को पुनः विश्वास दिलाता हूँ कि 31 मार्च 2026 तक भारत का नक्सलमुक्त होना तय है। इससे पहले सीआरपीएफ के महानिदेशक जी पी सिंह ने बुधवार को कहा कि सुरक्षा बल 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद को खत्म करने के लिए ‘‘निरंतर एवं कठोर’’ अभियान चला रहे हैं। सिंह ने कहा कि 2014 में शुरू हुआ नक्सल विरोधी अभियान 2019 से और तेज तथा अधिक केंद्रित हो गया है, जिसमें केंद्रीय अर्द्धसैन्य बल नक्सलवाद को खत्म करने की प्रतिबद्धता के साथ राज्य पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रहे हैं।
