Manmohan Singh Death Anniversary: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि देश जाने-माने अर्थशास्त्री एवं कांग्रेस नेता के योगदान को हमेशा याद रखेगा।
हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट कर कहा, ''आज पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की पहली पुण्यतिथि पर उन्हें याद कर रहा हूं। देश के प्रति उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।''
मनमोहन सिंह की पहली पुण्यतिथि आज
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का जन्म 26 सितंबर 1932 को पंजाब के गाह गांव में हुआ था जो अब पाकिस्तान का हिस्सा है। सिंह 2004 से 2014 तक प्रधानमंत्री रहे। वह 1991 से असम से पांच बार राज्यसभा के लिए चुने गए थे। 26 दिसंबर 2024 को उनका निधन हो गया था।
लोकतंत्र और अर्थव्यवस्था को दी मजबूती
कांग्रेस ने एक पोस्ट में कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह की पुण्यतिथि पर, हम एक सत्यनिष्ठा, विनम्रता और दूरदर्शिता वाले राजनेता को याद करते हैं। उनके नेतृत्व ने भारत की अर्थव्यवस्था और लोकतंत्र को मजबूत किया। मुख्य विपक्षी दल ने कहा कि मनमोहन सिंह निस्वार्थ और दृढ़ संकल्प के साथ देश की सेवा करने वाले प्रधानमंत्री रहे।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने 'एक्स' पर अपने पोस्ट में कहा, ''भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, पूर्व वित्त मंत्री एवं रिजर्व बैंक के गवर्नर डॉ मनमोहन सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें सादर नमन। डॉ मनमोहन सिंह समानता में विश्वास रखने वाले, दृढ़ निश्चयी, साहसी और गरिमापूर्ण व्यक्तित्व की मिसाल थे। वे सच्चे अर्थों में देश की प्रगति के लिए समर्पित रहे।'' प्रियंका गांधी ने कहा, "उनकी सादगी, ईमानदारी और देश के प्रति उनका समर्पण सदैव हम सबको प्रेरणा देता रहेगा।"
देश की संस्थाओं को राजनीति से रखा ऊपर
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने लिखा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि। भारत को आर्थिक संकट से बाहर निकालने से लेकर एक दशक तक प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व करने तक, उनका प्रभाव बहुत गहरा था। उन्होंने आरटीआई एक्ट के जरिए पारदर्शिता को बढ़ावा दिया और मनरेगा के जरिए काम की गरिमा को बनाए रखा। उनके नेतृत्व में सुधार, करुणा और जिम्मेदारी का संतुलन था। भारत उन्हें एक ऐसे नेता के रूप में याद करता है जिन्होंने देश और उसकी संस्थाओं को राजनीति से ऊपर रखा।
कांग्रेस संसद डॉ. सैयद नसीर हुसैन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "डॉ. मनमोहन सिंह की पहली पुण्यतिथि पर हम एक ऐसे राजनेता को याद करते हैं जिनके विजन ने भारत को बदल दिया। 1991 में वित्त मंत्री के तौर पर उन्होंने लाइसेंस राज को खत्म किया और आर्थिक उदारीकरण की शुरुआत की, जिससे लाखों लोग गरीबी से निकले। उनके शांत स्वभाव और आर्थिक समझ ने भारत के वैश्विक उदय की नींव रखी, यह साबित करते हुए कि साहसिक सुधार एक राष्ट्र की किस्मत बदल सकते हैं।"
