देश

तीसरी बार हो रही नरेंद्र मोदी की ताजपोशी, जानें राष्ट्रपति भवन में कैसी है तैयारियां; देखें VIDEO

Rashtrapati Bhavan: 9 जून को शाम 7:15 बजे होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरो पर चल रही हैं। मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। लोकसभा चुनाव में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की जीत के बाद राष्ट्रपति मुर्मू उन्हें और उनके मंत्रिपरिषद को शपथ दिलाएंगी।

Image

राष्ट्रपति भवन।

Modi Oath Ceremony Preparation: देश के इतिहास में ऐसा दूसरी बार होने जा रहा है जब कोई प्रधानमंत्री लगातार तीसरी बार शपथ लेने जा रहा हो। भारत के इतिहास में जवाहरलाल नेहरू के बाद नरेंद्र मोदी ऐसे दूसरे पीएम बनने वाले हैं। रविवार, 9 जून को नरेंद्र मोदी तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे और इस भव्य समारोह की तैयारियां राष्ट्रपति भवन में चल रही हैं। प्रधानमंत्री पद के लिए मनोनीत नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में कई अंतरराष्ट्रीय नेता शामिल होंगे।

राष्ट्रपति भवन की तस्वीरें आई सामने

भारत के राष्ट्रपति के आधिकारिक यूट्यूब चैनल ने शपथ ग्रहण समारोह से एक दिन पहले राष्ट्रपति भवन से कुछ दृश्य जारी किए, जिसमें रविवार शाम को बड़े पैमाने पर होने वाले कार्यक्रम की तैयारियां दिखाई गई हैं।

वीडियो में दिख रही हैं तैयारियां

राष्ट्रपति भवन से आए दृश्यों में समारोह स्थल के आसपास सुरक्षाकर्मी, मेहमानों के लिए कुर्सियां बिछाते कर्मचारी और परिसर में लाल कालीन बिछा हुआ दिखाई दे रहा है। नई दिल्ली में बढ़ते तापमान को ध्यान में रखते हुए पोर्टेबल एयर कंडीशनर, कूलर और पंखे भी वीडियो में देखे जा सकते हैं। दिल्ली पुलिस ने 9 जून को नरेंद्र मोदी और उनके नए मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।

भोज में भी शामिल होंगे वर्ल्ड लीडर्स

रविवार के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जिसमें राष्ट्रपति भवन के चारों ओर अर्धसैनिक बलों की पांच कंपनियां तैनात की गई हैं। परिसर के चारों ओर एनएसजी कमांडो, ड्रोन और स्नाइपर्स भी अलर्ट पर रहेंगे। श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे, मालदीव के मोहम्मद मुइज्जू, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना, भूटान के शेरिंग तोबगे, नेपाल के पुष्प कमल दहल 'प्रचंड' और मॉरीशस के प्रविंद कुमार जगन्नाथ ने समारोह में शामिल होने वाले है।

शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने के अलावा, वैश्विक नेता उसी शाम राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आयोजित भोज में भी शामिल होंगे। नरेंद्र मोदी और उनके मंत्रिपरिषद को रविवार को राष्ट्रपति मुर्मू द्वारा पद की शपथ दिलाई जाएगी। सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) लगातार तीसरी बार लोकसभा चुनाव में विजयी हुआ है, उसे 293 सीटें मिली हैं। भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव में 240 सीटें हासिल की हैं, जो गठबंधन में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। इसके विपक्षी दल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को 99 सीटें मिली हैं।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article