देश

मोदी सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफः PM ने किया साफ- 'जंग' जारी रहेगी, फिर चाहे विरोधी कितना भी बड़ा गठजोड़ क्यों न बना लें

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 26, 2023, 11:59 PM IST

PM Narendra Modi on Corruption: सबसे रोचक बात यह है कि पीएम मोदी की यह टिप्पणी ऐसे वक्त पर आई है जब विपक्षी दल 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ हाथ मिलाने के लिए फिर से कवायद कर रहे हैं। इतना ही नहीं, कांग्रेस और कई क्षेत्रीय दलों ने उनके नेताओं को निशाना बनाने के लिए जांच एजेंसियों का इस्तेमाल करने और लोकतांत्रिक संस्थानों को 'कमजोर' करने का केंद्र सरकार पर आरोप भी लगाया है।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। (फाइल)

Photo : AP

PM Narendra Modi on Corruption: प्रधानमंत्री नरेन्द मोदी ने एक बार फिर साफ किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी सरकार की लड़ाई जारी रहेगी, फिर चाहे विरोधी कितना भी बड़ा गठबंधन क्यों न बना लें। बुधवार (26 अप्रैल, 2023) को ये बातें पीएम ने एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम के दौरान कहीं।

वह आगे बोले- भ्रष्टाचार के खिलाफ हमारी सरकार की कार्रवाई से कुछ लोग नाराज हैं, पर वह भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद के खिलाफ इस लड़ाई में पीछे नहीं हटेंगे। जो लोग नाराज हैं और शोर मचा रहे हैं, वे पिछले नौ साल में उनकी सरकार की ओर से बनाई गई ईमानदार व्यवस्था को 'नष्ट' करना चाहते हैं, लेकिन वे अपनी 'साजिशों' में सफल नहीं होंगे, क्योंकि विरोधियों की लड़ाई उनके साथ नहीं, बल्कि आम लोगों के खिलाफ है।

मोदी के ममुताबिक, उनकी सरकार के प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल से सरकारी योजनाओं और अन्य खर्चों में हजारों करोड़ रुपये की लीकेज खत्म हो गई है, जिससे कुछ लोगों के लिए भ्रष्टाचार का स्रोत रुक गया है। ऐसे में वे उन्हें गाली नहीं देंगे तो और क्या करेंगे? भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में अब कोई आधा उपाय और अलग-थलग दृष्टिकोण नहीं है। अब इस लड़ाई में एक एकीकृत और संस्थागत तंत्र मौजूद है।

बकौल पीएम, ‘‘वे (विरोधी) कितना भी बड़ा गठबंधन कर लें...सभी भ्रष्ट लोगों और सभी 'परिवारवादी' को मंच पर आने दें... मोदी अपने रास्ते से पीछे हटने वाला नहीं है। मैंने देश को भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद से मुक्त करने का संकल्प लिया है और यह जारी रहेगा। मैं आपका आशीर्वाद चाहता हूं।" मोदी ने आगे बताया कि उनकी सरकार ने कुछ लोगों के लिए भ्रष्टाचार के जरिये पैसा बनाने के साधन बंद कर दिए हैं, जिससे वे नाराज हैं।

यह जिक्र करते हुए कि उनकी सरकार की ओर से जन धन बैंक खाते, आधार और मोबाइल फोन के इस्तेमाल से विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के 10 करोड़ फर्जी लाभार्थी बाहर हो गए, प्रधानमंत्री ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर ऐसे लोगों को धन भेजने का आरोप लगाया, जिनका अस्तित्व ही नहीं था और जिनकी संख्या दिल्ली, पंजाब और हरियाणा की संयुक्त आबादी से बड़ी थी। उन्होंने आगे कहा कि यह भ्रष्टाचार का स्रोत था और अब इसे रोक दिया गया है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article