Delhi News: नरेंद्र मोदी ने शपथ ग्रहण के बाद पहले 100 दिनों का प्लान तैयार कर लिया है, सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आई है। उन्होंने समारोह से पहले शपथ लेने वाले मंत्रियों को जरूरी सलाह दी और कहा है कि लोगों का एनडीए पर भरोसा है, उसे और मजबूत करना है। मोदी ने मंत्रियों को हर सप्ताह की प्लानिंग सुझाया है। उन्होंने कहा कि सोमवार से गुरुवार तक मंत्रालय के काम में दिल्ली में रहने का नियम बनाएं। शुक्रवार से रविवार तक निर्वाचन क्षेत्र का दौरा करें।
पहले 100 दिन की कार्ययोजना का क्या है प्लान?
उन्होंने शपथ लेने वाले मंत्रियों के लिए ये संदेश दिया कि शपथ के बाद काम पर 100 दिन की कार्ययोजना को जमीन पर उतारना है। पेंडिंग योजनाओं को, जो आपको विभाग मिलेगा, उसको तेजी से पूरा करना है। नरेंद्र मोदी ने कहा कि लोगों का एनडीए पर भरोसा है, उसे और मजबूत करना है। विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करना है। मोदी ने देश की जनता के लिए काम करने केलिए सभी को शुभकामनाएं दी और बड़ी जिम्मेदारी के लिए अपने आप को खपा देने को कहा। इसके साथ ही मोदी ने ये चार अहम संदेश दिया।
मंत्रियों के लिए पीएम मोदी के 4 जरूरी संदेश
1) जल्द से जल्द मंत्रालयों का कार्यभार संभालें।
2) अपने मंत्रालय से परिचित हों और संसद में सवालों के जवाब देने के लिए तैयार रहें।
3) सोमवार से गुरुवार तक मंत्रालय के काम में दिल्ली में रहने का नियम बनाएं। शुक्रवार से रविवार तक निर्वाचन क्षेत्र का दौरा करें।
4) पाइपलाइन में मौजूद परियोजनाओं का समन्वय और उन्हें पूरा करें और जन कल्याण पर जोर दें।
मोदी मंत्रिपरिषद में शामिल होंगे पूर्व सीएम कुमारस्वामी?
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल (सेक्युलर) के नेता एच डी कुमारस्वामी रविवार शाम को केंद्रीय मंत्रिमंडल में मंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी। पार्टी के एक सूत्र ने बताया, 'कुमारस्वामी को शपथ ग्रहण समारोह का निमंत्रण मिला है। वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नयी मंत्रिपरिषद के सदस्य के रूप में शपथ लेंगे।' इस अवसर पर जश्न मनाने के लिए नयी दिल्ली में सफदरजंग लेन स्थित जद (एस) प्रमुख एच डी देवेगौड़ा के आवास पर तैयारियां की जा रही हैं। कुमारस्वामी को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल करने के फैसले को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा दक्षिणी राज्यों विशेषकर कर्नाटक में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए एक रणनीतिक कदम के रूप में देखा जा रहा है। कर्नाटक में जद (एस) का वोक्कालिगा समुदाय-बहुल क्षेत्रों में खासा प्रभाव है।
शपथ ग्रहण समारोह के लिए सुरक्षा-व्यवस्था के कड़े इंतजाम
प्रधानमंत्री पद के लिए नामित नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर नयी दिल्ली के कुछ हिस्सों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। राष्ट्रपति भवन के चारों ओर अर्धसैनिक बलों की पांच कंपनियों, राष्ट्रीय सुरक्षा गारद और 'स्नाइपर' को तैनात किया गया है। इसके अलावा निगरानी के लिए ड्रोन कैमरे भी लगाए गए हैं। दिल्ली पुलिस के अधिकारी ने कहा, 'अर्धसैनिक बलों और दिल्ली सशस्त्र पुलिस (डीएपी) के जवानों की पांच कंपनियों सहित 2,500 से अधिक पुलिसकर्मियों को राष्ट्रपति भवन के चारों ओर तैनात किया गया है।'
शपथ ग्रहण समारोह में बांग्लादेश, श्रीलंका, मालदीव, भूटान, नेपाल, मॉरीशस और सेशेल्स के शीर्ष नेता शामिल होंगे। उनके ठहरने के मद्देनजर दिल्ली के लीला, ताज, आईटीसी मौर्या, क्लैरिजेस और ओबेरॉय जैसे होटल में भी सुरक्षा-व्यवस्था बढ़ा दी गई है। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, चूंकि यह कार्यक्रम राष्ट्रपति भवन के अंदर आयोजित किया जाना है, इसलिए परिसर के अंदर और बाहर तीन-स्तरीय सुरक्षा होगी।
