देश

प्रधानमंत्री पद संभालते हुए मोदी को पूरे हुए 12 साल, पंडित नेहरू से एक दिन आगे; अमित शाह बोले- यह ऐतिहासिक उपलब्धि, पढ़ें- अन्य रिएक्शन

Narendra Modi tenure: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाली सरकार के 12 साल पूरे होने पर आज सत्ताधारी नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) के नेता शाम में मिलेंगे।

Image

प्रधानमंत्री पद संभालते हुए मोदी को पूरे हुए 12 साल, पंडित नेहरू से एक दिन आगे; अमित शाह बोले- यह ऐतिहासिक उपलब्धि, पढ़ें- अन्य रिएक्शन

Narendra Modi longest serving Prime Minister: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आधिकारिक तौर पर इतिहास रच दिया है। वे भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार चुने गए प्रधानमंत्री बन गए हैं। लगातार 4,399 दिनों तक पद पर रहने का बड़ा मील का पत्थर पार करते हुए, पीएम मोदी ने भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के लगातार 4,398 दिनों तक पद पर रहने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। नेहरू का यह रिकॉर्ड देश के पहले लोकतांत्रिक आम चुनावों के बाद बना था।

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाली सरकार के 12 साल पूरे होने और प्रधानमंत्री की इस व्यक्तिगत उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए, सत्ताधारी नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) के नेता आज मिलेंगे। इस बीच सभी नेता पीएम मोदी को बधाई देते नजर आए।

राष्ट्रपति मुर्मू ने दी बधाई

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर उन्हें भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार चुने जाने वाले प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी। कहा, 'यह उपलब्धि केवल सार्वजनिक पद पर सबसे लंबे समय तक बने रहने की बात नहीं है; यह उस भरोसे की पुष्टि है जो भारत की जनता ने लगातार चुनावों में आपके नेतृत्व पर जताया है।'

अमित शाह ने क्या कहा?

देश के गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, 'देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में जनता की सेवा करने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मोदी जी के यह 12 वर्ष भारत के स्वाभिमान, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और देश को गुलामी की मानसिकता से मुक्त करने के रहे हैं।'

उन्होंने आगे कहा, 'नई संसद का निर्माण हुआ, तीन नए कानून लागू हुए, नई शिक्षा नीति और मातृभाषाओं में मेडिकल व इंजीनियरिंग शिक्षा का मार्ग प्रशस्त हुआ तथा आत्मनिर्भर भारत हर भारतीय का संकल्प बना। इन 12 वर्षों में एक तरफ देश की सीमाएं सुरक्षित हुईं, कश्मीर से 370 समाप्त हुई, राम मंदिर का निर्माण हुआ, नक्सलवाद का अंत हुआ और आतंकवाद पर नकेल कस हर आतंकी घटना का मुंहतोड़ जवाब दिया, वहीं देश की सामूहिक शक्ति ने हीनता के भाव से बाहर निकलकर अपनी विरासत, संस्कृति और सामर्थ्य पर गर्व करना सीखा। देशवासियों को सुरक्षित बनाना और उनके खोए हुए आत्मसम्मान व गौरव को लौटाना मोदी जी की सबसे बड़ी उपलब्धि है। आज नया भारत पूरे आत्मविश्वास के साथ विश्व के हर मंच पर अपनी पहचान स्थापित कर रहा है और दुनिया एक सक्षम, सशक्त तथा नए भारत के उदय की साक्षी बन रही है।'

BJP पार्टी का बयान

BJP के X पर पोस्ट किया गया, 'जब लोकतंत्र पर आंच आई, तब जोखिम उठाया... अपने लिए नहीं, औरों के लिए। यह गाथा है उस व्यक्तित्व के अटूट संकल्प की, जिसने चुनौतियों को हमेशा अवसरों में बदला। चाहे कश्मीर के लाल चौक पर तिरंगा फहराकर आतंक को ललकारना हो, या 2001 के भूकंप के बाद कच्छ को पहले से भी अधिक समृद्ध और सुंदर बनाना। आपदा चाहे भूकंप की रही हो या सूखे की, इजरायल की आधुनिक तकनीक से खेतों को महकाना हो या फिर वैश्विक मंचों पर भारत का गौरव बढ़ाना, उनका हर कदम देश के नाम रहा।'

-निस्वार्थ सेवा: संविधान के प्रति अटूट निष्ठा और हर भारतीय में विश्वास।

-स्वदेशी और पर्यावरण: वृक्षारोपण की सीख और लोकल-फॉर-वोकल से आत्मनिर्भर भारत का निर्माण।

निस्वार्थ, कर्तव्यनिष्ठ और देश को सदैव सर्वोपरि मानने वाले, भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री सेवाव्रती नरेन्द्र मोदी।

जेपी नड्डा का रिएक्शन

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा, 'यह दिन इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज किया जाना चाहिए। आज के दिन भारत के 'प्रधान सेवक' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की सेवा में लगातार सबसे अधिक दिनों तक कार्य करने का रिकॉर्ड बनाते हुए सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं, जिसमें देश के पहले प्रधानमंत्री का रिकॉर्ड भी शामिल है। आज भाजपा कार्यकर्ता और प्रधानमंत्री मोदी के समर्थक उनकी दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और लंबे समय तक देश की सेवा करते रहने की कामना कर रहे हैं। आज मैं अपने सहयोगियों के साथ बिड़ला मंदिर आया हूं, जहां हमने प्रधानमंत्री मोदी के लिए प्रार्थना की है।'

भजनलाल शर्मा और रेखा गुप्ता गए मंदिर

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर के मोती डूंगरी गणेश जी मंदिर में पूजा-अर्चना की। वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी एक मंदिर में पूजा-अर्चना की।

शिवराज सिंह चौहान भी पहुंचे मंदिर

पीएम नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित रहने वाले प्रधानमंत्री बनने के अवसर पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्राचीन हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर उनकी लंबी आयु, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर सफल कार्यकाल की प्रार्थना की। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने का रिकॉर्ड है। उनका कार्यकाल अभी जारी है और ये 12 वर्ष विकास के लिहाज से बेहद उल्लेखनीय रहे हैं। इन 12 वर्षों में उन्होंने एक पल के लिए भी विश्राम नहीं किया है।'

उन्होंने कहा, 'इन वर्षों में देश में जो बुनियादी ढांचा (इन्फ्रास्ट्रक्चर) विकास हुआ है, वह कल्पना से परे था। उन्होंने आम जनता के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं बनाई और उन्हें लागू किया। महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं, किसानों और गरीबों के उत्थान पर विशेष ध्यान दिया गया है। हम मंदिर गए और भगवान से उनके अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और सफल कार्यकाल की कामना की, ताकि वह इसी तरह निरंतर देश की सेवा करते रहें और अथक परिश्रम से काम करते रहें।'

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article