देश

Delhi News: नगालैंड की युवती को मर्सिडीज में खींचने की कोशिश, चाणक्यपुरी के 5 स्टार होटल में बदसलूकी, 3 गिरफ्तार

Delhi News: यह घटना रविवार तड़के करीब 3.30 बजे की बताई जा रही है। शिकायत के अनुसार, महिला अपने एक दोस्त के साथ होटल गई थी। दोनों जब वॉशरूम से वापस लौट रहे थे, तभी सफेद रंग की मर्सिडीज में सवार तीन आरोपी कथित तौर पर उनके पास पहुंचे।

Image

दिल्ली में नगालैंड की युवती से बदसलूकी। -प्रतीकात्मक तस्वीर

Photo : ANI

Northeast woman harrassed in Delhi: दिल्ली में नगालैंड की एक युवती के साथ कथित रूप से बदसलूकी और मारपीट का मामला सामने आया है। हैरान करने वाली बात यह है कि यह घटना अति सुरक्षित माने जाने वाले चाणक्यपुरी की है। आरोप है कि यहां के एक पंच सितारा होटल की पार्किंग में उसे एक मर्सिडीज कार में खींचने की कोशिश हुई। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक युवती के दोस्तों ने जब इसका विरोध किया तो उन पर कथित रूप से हॉकी स्टिक एवं लोहे की रॉड से हमला हुआ। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

वॉशरूम से वापस लौटते समय की घटना

यह घटना रविवार तड़के करीब 3.30 बजे की बताई जा रही है। शिकायत के अनुसार, महिला अपने एक दोस्त के साथ होटल गई थी। दोनों जब वॉशरूम से वापस लौट रहे थे, तभी सफेद रंग की मर्सिडीज में सवार तीन आरोपी कथित तौर पर उनके पास पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने महिला को रोकने और जबरन अपनी गाड़ी में बैठाने की कोशिश की। महिला के दोस्तों आयुष, उद्भव और समर्थ ने आरोपियों की आपत्तिजनक हरकतें देखीं तो उन्होंने हस्तक्षेप किया।

युवकों पर हॉकी स्टिक, लोहे की रॉड से हमला

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने तीनों युवकों पर हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड से हमला किया। आयुष के दांतों में चोट आई, जबकि उद्भव और समर्थ के साथ भी मारपीट की गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस जल्द ही मौके पर पहुंची। इसके बाद आरोपी कथित तौर पर अपनी कार से फरार हो गए। शिकायतकर्ता ने गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर नोट कर लिया था, जिसकी मदद से जांचकर्ताओं ने तीनों आरोपियों की पहचान दिव्यांशु, गौरव और मोहित के रूप में की।

चाणक्यपुरी थाने में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

इसके बाद चाणक्यपुरी थाने में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। महिला को मेडिकल जांच के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि महिला की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। जांचकर्ता घटना की पूरी कड़ी स्पष्ट करने के लिए होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं और अन्य सबूत भी जुटा रहे हैं। पुलिस घायलों की मेडिकल रिपोर्ट की भी जांच कर रही है, ताकि चोटों की प्रकृति और उनकी गंभीरता का पता लगाया जा सके।

आरोपियों ने कुछ आरोपों से इनकार किया

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कुछ आरोपों से इनकार किया है। अब जांचकर्ता सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट और घटना में शामिल लोगों के बयानों समेत उपलब्ध सभी सबूतों का अध्ययन कर रहे हैं। इसके आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article