देश

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना में बड़ी सफलता, बीकेसी-शिलफाटा के बीच 2.7 किलोमीटर सुरंग खंड पूरा हुआ

एनएचएसआरसीएल की एक विज्ञप्ति में बताया गया कि 21 किलोमीटर लंबी सुरंग में पहली सफलता बुधवार को दर्ज की गई। यह उपलब्धि भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना में एक महत्वपूर्ण छलांग है,

Image

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट (PTI)

Mumbai-Ahmedabad bullet train project: मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट पर तेजी से काम आगे बढ़ रहा है और इसे लेकर एक नया अपडेट सामने आया है। नेशनल हाई-स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) ने गुरुवार को कहा कि मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स और पड़ोसी ठाणे के शिलफाटा के बीच 2.7 किलोमीटर लंबे सुरंग खंड का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। अरबों डॉलर की मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना में यह एक बड़ी सफलता है।

21 किलोमीटर लंबी सुरंग में पहली सफलता

एनएचएसआरसीएल की एक विज्ञप्ति में बताया गया कि 21 किलोमीटर लंबी सुरंग में पहली सफलता बुधवार को दर्ज की गई। यह उपलब्धि भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना में एक महत्वपूर्ण छलांग है, जिसका उद्देश्य मुंबई और अहमदाबाद को एक हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर से जोड़ना, यात्रा के समय को काफी कम करना और दोनों वित्तीय केंद्रों के बीच परिवहन दक्षता को बढ़ाना है।

विज्ञप्ति में कहा गया है, 21 किलोमीटर लंबी यह सुरंग हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होगी, जिसमें से 16 किलोमीटर सुरंग बोरिंग मशीनों (टीबीएम) का उपयोग करके और शेष 5 किलोमीटर न्यू ऑस्ट्रियन टनलिंग मेथड (NATM) के माध्यम से विशेष रूप से शिलफाटा और घनसोली के बीच, बनाई जाएगी। गौरतलब है कि सुरंग में ठाणे क्रीक के नीचे 7 किलोमीटर का एक समुद्र के नीचे का खंड भी शामिल है।

सुरंग निर्माण में तेजी लाने के लिए किया ये काम

विज्ञप्ति में बताया गया है, एनएटीएम हिस्से में सुरंग निर्माण में तेजी लाने के लिए एक अतिरिक्त संचालित मध्यवर्ती सुरंग का निर्माण किया गया, जिससे घनसोली और शिलफाटा दोनों छोर से एक साथ खुदाई संभव हो सकी। कुल एनएटीएम खंड में से शिलफाटा की ओर से लगभग 1.62 किलोमीटर की खुदाई हो चुकी है, और कुल प्रगति 4.3 किलोमीटर है।

एनएचएसआरसीएल ने कहा कि साइट पर व्यापक सुरक्षा उपाय लागू किए गए हैं, जिनमें ग्राउंड सेटलमेंट मार्कर, पीजोमीटर, इनक्लिनोमीटर, स्ट्रेन गेज और बायोमेट्रिक एक्सेस कंट्रोल सिस्टम लगाना शामिल है। उन्होंने आगे कहा कि ये उपाय आस-पास के बुनियादी ढांचे या आवासों को प्रभावित किए बिना सुरक्षित और नियंत्रित सुरंग निर्माण कार्य सुनिश्चित करने के लिए डिजाइन किए गए हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article