Mosque meeting row: बरेली स्थित ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने रविवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर दिल्ली की एक मस्जिद के इमाम पद से मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी को हटाने की मांग की। यह पत्र मस्जिद के अंदर समाजवादी पार्टी की एक बैठक आयोजित होने के कुछ दिनों बाद आया है। एक पत्र में बरेलवी ने कहा कि मस्जिद के अंदर समाजवादी पार्टी की बैठक आयोजित करके मस्जिद की पवित्रता का उल्लंघन किया गया है और मुसलमानों की धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाई गई है।
अखिलेश यादव के साथ धर्मेंद्र यादव, डिंपल यादव ने की थी बैठक
उन्होंने कहा, मस्जिद के अंदर अल्लाह की इबादत के अलावा कोई और काम नहीं किया जा सकता। नदवी उत्तर प्रदेश के रामपुर से सपा के सांसद भी हैं। बरेलवी ने यह भी कहा कि इस बैठक में पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के साथ सपा के लोकसभा सांसद धर्मेंद्र यादव, डिंपल यादव, जियाउर्रहमान बर्क और अन्य नेताओं ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने पत्र में कहा कि अशुद्ध लोग मस्जिद के अंदर नहीं आ सकते। केवल वही लोग मस्जिद में आ सकते हैं जो पवित्र हैं।
मस्जिद का इस्तेमाल राजनीति के लिए किया गया
उन्होंने कहा कि मस्जिद के अंदर महिलाओं का प्रवेश वर्जित है, लेकिन दो महिलाएं मस्जिद के अंदर आईं और बैठक में भी भाग लिया। उन्होंने कहा कि मस्जिद जैसे धार्मिक स्थल का इस्तेमाल राजनीति के लिए किया गया, इस बैठक के माध्यम से यह राजनीतिक संदेश दिया गया कि समाजवादी पार्टी मुसलमानों की हमदर्द है। सीएम रेखा गुप्ता को लिखे पत्र में बरेलवी ने कहा, इसलिए, मैं आपसे मांग करता हूँ कि मस्जिद के इमाम मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी को इमामत से हटाया जाए और सूफी विचारधारा वाले किसी ऐसे व्यक्ति को इमाम बनाया जाए जो राजनीतिक न हो।
भाजपा की अल्पसंख्यक शाखा की नदवी को हटाने की मांग
इससे पहले, भाजपा की अल्पसंख्यक शाखा ने मस्जिद के इमाम के रूप में कथित तौर पर लाभ का पद धारण करने और वक्फ बोर्ड से वेतन लेने के लिए नदवी को लोकसभा सदस्य के रूप में अयोग्य घोषित करने की मांग की थी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को लिखे पत्र में, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने कहा कि रामपुर के सांसद संसद भवन के पास एक मस्जिद के इमाम भी हैं और उन्हें वक्फ बोर्ड से 18,000 रुपये मासिक वेतन मिलता है।
सिद्दीकी ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 102(1)(ए) के तहत, नदवी के इमाम पद को लाभ का पद माना जा सकता है क्योंकि इसका वित्तपोषण दिल्ली सरकार के अधीन एक वैधानिक निकाय द्वारा किया जाता है। सत्तारूढ़ भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा ने कहा कि सिद्दीकी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री गुप्ता को भी पत्र लिखकर नदवी को मस्जिद के इमाम पद से तत्काल हटाने की मांग की है, क्योंकि उन्होंने रामपुर के सांसद पर मस्जिद को अपनी निजी संपत्ति के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।
नदवी पर सस्जिद को निजी संपत्ति की तरह इस्तेमाल करने का आरोप
सिद्दीकी ने कहा था, 22 जुलाई, 2025 को मोहिबुल्लाह नदवी ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, उनकी पत्नी धर्मेंद्र यादव और अन्य सांसदों, पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ उस मस्जिद में पार्टी की बैठक की जहां नमाज पढ़ी जाती है और चाय-नाश्ता भी किया, जो इस्लामी आचार संहिता के विरुद्ध है। सिद्दीकि ने आरोप लगाया कि वह सपा सांसद डिंपल यादव को भी मस्जिद ले गए, जबकि वहां महिलाओं का प्रवेश वर्जित है। सिद्दीकी ने आरोप लगाया की मस्जिद की पहली मंजिल पर महिलाओं के बैठने की जगह है। डिंपल यादव का पहनावा भी मस्जिद के नियमों के विरुद्ध था। सिद्दीकी ने कहा, मोहिबुल्लाह नदवी इस मस्जिद को अपनी निजी संपत्ति की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं और वहां समाजवादी पार्टी का प्रचार कर रहे हैं, जो एक इमाम के तौर पर नहीं किया जा सकता। (पीटीआई)
