देश

'मोदी सरकार ने 12 साल में शिक्षा व्यवस्था को बना दिया पंगु', खरगे बोले- युवाओं की पूरी पीढ़ी का भविष्य किया बर्बाद

Education System: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में शिक्षा व्यवस्था को पंगु बना दिया है और इसे व्यवस्थित रूप से कमजोर किया है।

Image

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (फाइल फोटो)

Education System: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में शिक्षा व्यवस्था को पंगु बना दिया है और इसे व्यवस्थित रूप से कमजोर किया है। उन्होंने देश में शिक्षा व्यवस्था की स्थिति को लेकर 'एक्स' पर एक वीडियो पोस्ट किया।

मोदी सरकार पर बरसे खरगे

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, ''मोदी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में शिक्षा को पंगु बना दिया है और इसे व्यवस्थित रूप से खोखला कर दिया है। भारत के युवाओं की एक पूरी पीढ़ी के भविष्य को लापरवाही से नष्ट और कुर्बान कर दिया गया है।''

'स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव'

उन्होंने एक वीडियो जारी किया, जिसमें दावा किया गया है कि भाजपा की सरकार में रोजाना 25 सरकारी स्कूल बंद हो रहे हैं, कुल स्कूलों में सरकारी स्कूलों की भागीदारी 71 प्रतिशत से गिरकर 49 प्रतिशत हो गई है, हजारों सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है।

वीडियो में कहा गया कि भाजपा ने जीडीपी का छ्ह प्रतिशत शिक्षा पर खर्च करने का वादा किया था, लेकिन सिर्फ 4.1 प्रतिशत ही खर्च किया जा रहा है। इसमें यह दावा भी किया गया है कि 2014 के बाद से 152 परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए हैं।

'देश की शिक्षा व्यवस्था खड़े कर रही है गंभीर सवाल'

इससे पहले, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि वर्तमान समय में देश की शिक्षा व्यवस्था कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है और अब ऐसी व्यवस्था बनाने की जरूरत है, जहां हर छात्र को समान अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और एक उज्ज्वल भविष्य मिले।

शिक्षक दिवस के अवसर पर गांधी ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को उनकी जयंती पर नमन किया। उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''राष्ट्रीय शिक्षक दिवस पर सभी गुरुजनों को हार्दिक शुभकामनाएं। अपने ज्ञान, सेवा और समर्पण से आप छात्रों का भविष्य संवारते हैं और देश की आने वाली पीढ़ियों को दिशा देते हैं, आपका योगदान अमूल्य है।''

राहुल गांधी ने कहा, ''भारत की शिक्षा व्यवस्था हमारे सामने कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है।'' कांग्रेस नेता ने इस बात पर जोर दिया कि हमें मिलकर ऐसी व्यवस्था बनानी है, जहां हर छात्र को समान अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और एक उज्ज्वल भविष्य मिले।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article