MP BJP New President: बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल को भारतीय जनता पार्टी (BJP) की मध्य प्रदेश इकाई का अध्यक्ष चुना गया है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बुधवार को बताया कि हेमंत खंडेलवाल को निर्विरोध चुना गया है।
हेमंत खंडेलवाल ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के लिए मंगलवार को पर्चा दाखिल किया था। सबसे दिलचस्प बात तो यह थी कि इस पद के लिए किसी अन्य उम्मीदवार ने पर्चा दाखिल नहीं किया। विधायक हेमंत खंडेलवाल को खजुराहो के सांसद और निवर्तमान प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित अन्य नेताओं की मौजूदगी में प्रदेशाध्यक्ष निर्वाचित किया गया।
'मामा' ने नए प्रदेशाध्यक्ष की गिनाईं खूबियां
केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हेमंत खंडेलवाल को प्रदेशाध्यक्ष बनने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि मौसम सुहाना हो गया है... और इंद्रदेव ने भी आशीर्वाद की वर्षा की है। हेमंत जी अब अपने नवनिर्वाचित अध्यक्ष हैं। इससे पहले वीडी शर्मा और उनकी टीम ने अद्भुत सफलताएं हासिल कीं। विधानसभा चुनाव, उपचुनाव तमाम चुनावों में हमने अनेकों सफलताएं हासिल की हैं।

मध्य प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल (फोटो साभार: @BJP4MP)
उन्होंने कहा कि हेमंत जी सहज, सरल, थोड़े संकोची, सद्भावी, शिष्टाचारी, कर्मठ और काम को पूरा करने वाले वर्षों पुराने कार्यकर्ता हैं। पर्दे के पीछे से बेहतर ढंग से संपादित करने का काम करते हैं। 2008 में जब हमने फैसला किया कि उन्हें लोकसभा का उपचुनाव लड़ना है, लेकिन वह तीन बार मुझे मना करने आए... परंतु संगठन ने तय किया कि हेमंत खंडेलवाल ही चुनाव लड़ेंगे और वह लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए।
कौन हैं हेमंत खंडेलवाल?
राजनीतिक पृष्ठभूमि से आने वाले हेमंत खंडेलवाल के पिता विजय कुमार खंडेलवाल बैतूल से चार बार लोकसभा के सदस्य रहे हैं। साल 2007 में उनका निधन हो गया था। इसके बाद हुए लोकसभा के उपचुनाव में पहली बार हेमंत खंडेलवाल ने किस्मत आजमाई और फिर जीत दर्ज करने के बाद वह संसद पहुंचे।
हेमंत खंडेलवाल 2010 से 2013 तक बैतूल में भाजपा के जिलाध्यक्ष रहे और 2013 से 2018 तक बैतूल के विधायक भी रहे। वह प्रदेश भाजपा के कोषाध्यक्ष भी रह चुके हैं। साल 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने बैतूल से फिर से जीत दर्ज की। वर्तमान में खंडेलवाल कुशाभाऊ ठाकरे ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
