Delimitation Bill: केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक बुलाया है, जिसमें लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू होगी। उम्मीद जताई जा रही है कि महिला आरक्षण और परिसीमन बिल फिर से पेश कर सकती है। वहीं, आगामी सत्र को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। महिला आरक्षण बिल और परिसीमन के मुद्दे पर विपक्षी नेताओं ने केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं।
समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन ने परिसीमन को विपक्ष के वोट बांटने और उसे कमजोर करने की रणनीति बताया है। वहीं, पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने महिला आरक्षण बिल में ओबीसी, अनुसूचित जाति और पिछड़ी जातियों की महिलाओं को आरक्षण देने की मांग की है। दोनों नेताओं ने कहा कि वे महिला आरक्षण के विरोध में नहीं हैं, लेकिन इसके नाम पर परिसीमन की प्रक्रिया और सरकार की जल्दबाजी पर उन्हें आपत्ति है।
एसटी हसन बोले- विपक्ष को कमजोर करने की चाल है परिसीमन
समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन ने संसद के शीतकालीन सत्र को लेकर कहा कि उनकी पार्टी इस समय डिलिमिटेशन यानी परिसीमन बिल के खिलाफ है। उन्होंने आशंका जताई कि परिसीमन के बहाने जिस तरह से सीटों का बंटवारा किया जाएगा, उससे विपक्ष के वोट बंट सकते हैं।
एसटी हसन के मुताबिक, यह विपक्ष को हल्का और कमजोर करने की एक चाल है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी महिला आरक्षण बिल के साथ है। अगर सरकार ईमानदारी से महिला आरक्षण बिल लाती है तो सपा उसका समर्थन करेगी।
पप्पू यादव बोले- महिला आरक्षण में OBC और SC महिलाओं को भी मिले हक
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने भी संसद के आगामी विशेष सत्र को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल कांग्रेस और बीजेपी की सहमति से सोनिया गांधी के नेतृत्व में पहले ही पास हो चुका है। कांग्रेस चाहती है कि महिलाओं को बराबरी का सम्मान मिले, लेकिन बीजेपी महिलाओं का राजनीतिकरण करना चाहती है।
पप्पू यादव ने सरकार से मांग की कि अगर वह महिला आरक्षण बिल को लेकर इतनी गंभीर है तो इसमें ओबीसी, अनुसूचित जाति और पिछड़ी जातियों की महिलाओं के लिए भी आरक्षण का प्रावधान करे। उन्होंने सवाल उठाया कि अत्यंत पिछड़ी जातियों की महिलाओं को आरक्षण क्यों नहीं दिया जा रहा है?
परिसीमन का आधार क्या होगा? पप्पू यादव ने उठाए सवाल
निर्दलीय सांसद ने परिसीमन की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोकसभा की सीटें बढ़नी चाहिए, लेकिन सरकार 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने की बात कर रही है। ऐसे में सवाल है कि सीटों की संख्या बढ़ाने का आधार क्या होगा? उन्होंने आरोप लगाया कि दक्षिण भारत सरकार के एजेंडे में नहीं है। असम और जम्मू-कश्मीर में परिसीमन का जिक्र करते हुए पप्पू यादव ने दावा किया कि वहां विपक्षी दलों की सीटों को अलग-थलग किया गया और सत्ता पक्ष की सीटों की संख्या बढ़ाई गई।
उन्होंने कहा कि पूरे देश में नाराजगी के बावजूद सरकार जल्दबाजी में इस तरह का बिल लाने की कोशिश कर रही है। पप्पू यादव ने इसे जनबल को कमजोर करने और लोकसभा सीटों की चोरी करने की साजिश बताया।
विपक्ष की सहमति से हो परिसीमन
पप्पू यादव ने कहा कि परिसीमन जरूर होना चाहिए, लेकिन इसका आधार स्पष्ट होना चाहिए। उन्होंने मांग की कि परिसीमन भारत की जनसंख्या और विपक्ष की सहमति के आधार पर किया जाए। उन्होंने केंद्र सरकार पर जांच एजेंसियों के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए कहा कि ईडी और सीबीआई का डर दिखाकर राजनीतिक दलों को तोड़ा जा रहा है। उनके मुताबिक, महिला आरक्षण और परिसीमन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार को जल्दबाजी करने के बजाय सभी दलों के साथ सहमति बनानी चाहिए।
