Times Now Navbharat
live-tv
Premium

राजनीति में नैरेटिव बनाम जमीनी हकीकत...क्या आज की राजनीति में धारणा, परफॉर्मेंस से बड़ी हो गई है?

राजनीति में नैरेटिव चुनाव का माहौल बना सकता है, लेकिन शासन की असली परीक्षा जमीन पर होती है। प्रचार उपलब्धियों को दिखा सकता है, लेकिन जनता के अनुभव को पूरी तरह बदल नहीं सकता। समस्या तब पैदा होती है जब नैरेटिव तथ्यों से बड़ा हो जाता है, जब राजनीतिक संदेश वास्तविक सवालों को दबाने लगता है और जब प्रचार को ही प्रदर्शन का प्रमाण मान लिया जाता है।

Image
राजनीति में नैरेटिव बनाम जमीनी हकीकत।
Authored by: शमशेर सिंह
Updated Nov 28, 2026, 08:48 IST
Follow on Google News

पत्रकारिता के अपने सफर में मैंने भारतीय राजनीति को कई दौर से गुजरते देखा है। रिपोर्टर के रूप में राजनीतिक घटनाओं को कवर करने, करीब से समझने, नेताओं से बातचीत, इंटरव्यू ,चुनावी माहौल को जमीन पर महसूस करने और फिर संपादक के रूप में राजनीतिक विमर्श को समझने के कई अवसर मिले हैं। इस यात्रा से जो बात समझ में आई वो ये कि राजनीति में जो दिखाई देता है, हमेशा वही पूरी सच्चाई नहीं होती। सुर्खियों में जो दिखता है और जमीन पर जो घट रहा होता है, दोनों के बीच कई बार काफी अंतर होता है। आज इसी अंतर को समझना पहले से कहीं ज्यादा जरूरी हो गया है।

एक समय था जब राजनीतिक दलों की ताकत का आकलन उनके संगठन, जनाधार, नेतृत्व और जमीनी सक्रियता से किया जाता था। चुनावी सभाएं, स्थानीय मुद्दे, जातीय और सामाजिक समीकरण एवं उम्मीदवार की व्यक्तिगत स्वीकार्यता चुनावी राजनीति के अहम पहलू हुआ करते थे। ये सभी कारक आज भी महत्वपूर्ण हैं, लेकिन इनके साथ एक नया और प्रभावशाली तत्व जुड़ गया है-नैरेटिव।

अपने अनुभव से मैंने महसूस किया है कि एक ही राजनीतिक घटना को अलग-अलग राजनीतिक दल कितने अलग-अलग नजरियों से जनता के सामने रखते हैं। सत्ता पक्ष उसे अपनी उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत करता है, विपक्ष उसी घटना में सवाल तलाशता है। दोनों के अपने तर्क और राजनीतिक उद्देश्य होते हैं। सही मायने में भारतीय राजनीति में अब केवल चुनाव नहीं लड़े जाते, नैरेटिव भी लड़े जाते हैं। केवल वादे नहीं किए जाते, धारणाएं भी बनाई जाती हैं। केवल उपलब्धियां नहीं गिनाई जातीं, बल्कि उनकी एक राजनीतिक व्याख्या भी जनता के सामने रखी जाती है। आज की राजनीति में कौन क्या कर रहा है, यह जितना महत्वपूर्ण है, उससे कम महत्वपूर्ण यह नहीं कि जनता तक क्या पहुंच रहा है और जनता उसे किस रूप में देख रही है।

यही वजह है कि भारतीय राजनीति में नैरेटिव और जमीनी हकीकत के बीच का अंतर एक महत्वपूर्ण विमर्श बन गया है। भारतीय राजनीति में नैरेटिव की ताकत समझने के लिए 2014 के लोकसभा चुनाव को याद करना जरूरी होगा होगा। उस चुनाव में 'गुजरात मॉडल' विकास, सुशासन और निर्णायक नेतृत्व के एक बड़े राजनीतिक नैरेटिव के रूप में राष्ट्रीय विमर्श में आया। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को विकास और बदलाव की उम्मीद से जोड़कर प्रस्तुत किया गया। रोजगार, आर्थिक विकास, बेहतर प्रशासन और भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई जैसे मुद्दे इस राजनीतिक संदेश का हिस्सा बने। इस नैरेटिव ने चुनावी बहस की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

2024 का चुनाव-जब नैरेटिव के सामने आया दूसरा नैरेटिव

2014 के चुनाव में 'गुजरात मॉडल' और निर्णायक नेतृत्व का नैरेटिव राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में था। 2024 के लोकसभा चुनाव में भी राष्ट्रीय नेतृत्व, विकास, कल्याणकारी योजनाओं और भारत की वैश्विक पहचान जैसे मुद्दे राजनीतिक विमर्श में प्रमुख रहे। लेकिन इस बार विपक्ष ने एक अलग नैरेटिव खड़ा करने की कोशिश की—संविधान की रक्षा, आरक्षण, सामाजिक न्याय और आर्थिक असमानता। इस चुनाव में विशेष रूप से संविधान और आरक्षण का मुद्दा चुनावी बहस का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया। विपक्ष ने आरोप लगाया कि 400 पार का लक्ष्य संविधान में बदलाव और आरक्षण व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश से जुड़ा है। भाजपा ने इन आरोपों को खारिज किया। इस तरह चुनाव में केवल राजनीतिक दलों के बीच मुकाबला नहीं था, बल्कि दो अलग-अलग राजनीतिक संदेशों और व्याख्याओं के बीच भी प्रतिस्पर्धा थी।

चुनाव परिणामों ने इस बहस को और दिलचस्प बना दिया। भाजपा 2019 की 303 सीटों के मुकाबले 2024 में 240 सीटों पर सिमट गई। हालांकि एनडीए ने 293 सीटें हासिल कर सरकार बनाई। मेरे लिए इस चुनाव का सबसे महत्वपूर्ण सबक यह है कि राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावशाली राजनीतिक संदेश भी स्थानीय वास्तविकताओं और मतदाताओं की अपेक्षाओं से ऊपर नहीं हो सकता। 2014 ने दिखाया कि एक प्रभावशाली नैरेटिव राष्ट्रीय राजनीति की दिशा बदल सकता है, जबकि 2024 ने याद दिलाया कि किसी भी नैरेटिव को मतदाता अपनी जमीन, अपने अनुभव और अपनी अपेक्षाओं की कसौटी पर परखता है।

नैरेटिव यानी किसी मुद्दे को देखने, समझने और जनता के सामने प्रस्तुत करने का एक विशेष दृष्टिकोण। राजनीति में यह केवल सूचना देने का माध्यम नहीं, बल्कि जनमत को प्रभावित करने का एक प्रभावशाली उपकरण बन चुका है। तभी तो नैरेटिव की ताकत को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। आज राजनीतिक दल केवल अपनी नीतियों और उपलब्धियों के आधार पर जनता तक नहीं पहुंचते, बल्कि वे यह भी तय करने की कोशिश करते हैं कि जनता किन मुद्दों पर चर्चा करे और किसी घटना को किस नजरिए से देखे। सरकारें अपनी उपलब्धियों को विकास, सुशासन और निर्णायक नेतृत्व के रूप में प्रस्तुत करती हैं, जबकि विपक्ष उन्हीं नीतियों और फैसलों को महंगाई, बेरोजगारी, असमानता या जवाबदेही के सवालों से जोड़कर देखता है।

दोनों पक्ष अपने-अपने नैरेटिव के माध्यम से जनता के बीच राजनीतिक समर्थन जुटाने की कोशिश करते हैं।

इस प्रक्रिया में सोशल मीडिया ने पूरी राजनीति का स्वरूप बदल दिया है। अब किसी राजनीतिक बयान, वीडियो, तस्वीर या हैशटैग को राष्ट्रीय विमर्श का हिस्सा बनने में ज्यादा समय नहीं लगता। डिजिटल प्लेटफॉर्म ने राजनीतिक संवाद को तेज, व्यापक और प्रत्यक्ष बनाया है। राजनीतिक दलों को अब केवल पारंपरिक मीडिया पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है। वे सीधे मतदाताओं तक पहुंच सकते हैं, अपनी बात रख सकते हैं और विरोधियों के आरोपों का जवाब दे सकते हैं। लेकिन इस बदलाव का दूसरा पहलू भी है। सूचना की गति बढ़ी है, तो अधूरी और भ्रामक सूचनाओं का प्रसार भी आसान हुआ है। कई बार किसी मुद्दे की वास्तविकता से ज्यादा उसकी प्रस्तुति चर्चा का विषय बन जाती है।

राजनीतिक नैरेटिव कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, आम नागरिक का जीवन उससे अलग नहीं चलता। उसके लिए रोजगार, महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और सुरक्षा जैसे सवाल रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े हैं। वह सरकार की उपलब्धियों को केवल विज्ञापनों या भाषणों से नहीं, बल्कि अपने अनुभव से भी परखता है। यहीं नैरेटिव और जमीनी हकीकत के बीच का अंतर सामने आता है। किसी सरकार के लिए आर्थिक विकास के आंकड़े महत्वपूर्ण हो सकते हैं, लेकिन एक परिवार के लिए बढ़ते घरेलू खर्च और रोजगार की उपलब्धता अधिक प्रत्यक्ष सवाल हैं। कोई परियोजना राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत की जा सकती है, लेकिन उस क्षेत्र के लोगों के लिए उसका वास्तविक लाभ और प्रभाव ज्यादा मायने रखता है। इसका अर्थ यह नहीं कि सरकारी आंकड़े या उपलब्धियां महत्वहीन हैं। बल्कि यह कि आंकड़ों और नागरिकों के अनुभवों, दोनों को साथ रखकर ही किसी शासन के प्रदर्शन का आकलन किया जा सकता है।

यह चुनौती केवल सत्ता पक्ष के सामने नहीं है। विपक्ष के सामने भी एक बड़ा सवाल है। क्या केवल सरकार की आलोचना करके जनता का विश्वास जीता जा सकता है? क्या राजनीतिक विरोध को एक विश्वसनीय वैकल्पिक दृष्टिकोण में बदले बिना व्यापक जनसमर्थन हासिल किया जा सकता है? लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका केवल सवाल उठाने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। उससे अपेक्षा होती है कि वह जनता की समस्याओं को आवाज दे, सरकार से जवाब मांगे और नीतिगत विकल्प भी प्रस्तुत करे। आरोप लगाना आसान है, लेकिन उसका तथ्यात्मक आधार और समाधान बताना ज्यादा महत्वपूर्ण है। विपक्ष को भी अपने नैरेटिव की विश्वसनीयता जमीन पर साबित करनी होगी। लेकिन यह मानना भी सही नहीं होगा कि आज चुनाव केवल नैरेटिव के आधार पर जीते या हारे जाते हैं। राजनीतिक संगठन, नेतृत्व की स्वीकार्यता, उम्मीदवारों का चयन, सामाजिक गठबंधन, स्थानीय मुद्दे और सरकार का प्रदर्शन आज भी महत्वपूर्ण हैं। नैरेटिव इन सभी तत्वों को जोड़ने और जनता के सामने प्रस्तुत करने का माध्यम बन सकता है, लेकिन वह हर परिस्थिति में इनका विकल्प नहीं है।

कई बार मजबूत नैरेटिव चुनावी माहौल बना देता है, लेकिन स्थानीय असंतोष उसके प्रभाव को सीमित कर सकता है। दूसरी ओर, जमीनी स्तर पर मजबूत संगठन और जनता से जुड़ा नेतृत्व किसी राजनीतिक दल को उन परिस्थितियों में भी समर्थन दिला सकता है, जहां उसका राष्ट्रीय संदेश उतना प्रभावी न हो। इसलिए राजनीति को केवल सोशल मीडिया की लोकप्रियता, चुनावी नारों या राजनीतिक अभियानों के आधार पर समझना अधूरा विश्लेषण होगा। राजनीति में नैरेटिव हमेशा महत्वपूर्ण रहेंगे। राजनीतिक दल अपनी विचारधारा, उपलब्धियों और नीतियों को जनता तक पहुंचाने के लिए उनका इस्तेमाल करेंगे। इसमें कुछ गलत भी नहीं है। लोकतंत्र में संवाद, प्रचार और राजनीतिक प्रतिस्पर्धा स्वाभाविक हैं।

समस्या तब पैदा होती है जब नैरेटिव तथ्यों से बड़ा हो जाता है, जब राजनीतिक संदेश वास्तविक सवालों को दबाने लगता है और जब प्रचार को ही प्रदर्शन का प्रमाण मान लिया जाता है। चुनाव के समय बनाए गए नैरेटिव की परीक्षा सत्ता में आने के बाद शुरू होती है। जनता के सामने किए गए वादों, नीतियों और उनके परिणामों का हिसाब देना पड़ता है। राजनीति में नैरेटिव चुनाव का माहौल बना सकता है, लेकिन शासन की असली परीक्षा जमीन पर होती है। प्रचार उपलब्धियों को दिखा सकता है, लेकिन जनता के अनुभव को पूरी तरह बदल नहीं सकता। राजनीतिक धारणा बनाना एक कला है, लेकिन जनता का विश्वास बनाए रखना एक जिम्मेदारी।

2004 : जब ‘इंडिया शाइनिंग’ जमीनी हकीकत से टकराया

राजनीति में नैरेटिव और जमीनी हकीकत के अंतर को समझने के लिए 2004 का लोकसभा चुनाव एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। उस समय अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने ‘इंडिया शाइनिंग’ का नारा दिया था। देश की आर्थिक प्रगति, बढ़ती अर्थव्यवस्था, बेहतर होती वैश्विक छवि और विकास की उपलब्धियों को चुनावी अभियान का केंद्र बनाया गया। विज्ञापनों, होर्डिंग्स और प्रचार के जरिए एक ऐसे भारत की तस्वीर पेश की जा रही थी, जो तेजी से आगे बढ़ रहा था। लेकिन चुनाव नतीजों ने एक अलग तस्वीर सामने रखी। भाजपा को 2004 में 138 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस को 145 सीटें। कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने एनडीए से अधिक सीटें हासिल कीं और सरकार बनाई।

‘इंडिया शाइनिंग’का नैरेटिव अपने आप में देश की प्रगति की एक तस्वीर पेश कर रहा था, लेकिन हर मतदाता उस तस्वीर में खुद को देख पा रहा था या नहीं, यह एक अलग सवाल था। यह कहना सही नहीं होगा कि 2004 का पूरा चुनाव केवल इसी नारे के कारण तय हुआ, लेकिन यह जरूर स्पष्ट हुआ कि कोई भी राजनीतिक संदेश जनता के अनुभवों से कटकर चुनावी भरोसे में नहीं बदल सकता। पत्रकारिता के अपने सफर में 2004 का यह चुनाव मेरे लिए एक अहम संदर्भ है। इसने यह समझने का अवसर दिया कि राजनीतिक प्रचार में दिखाई जाने वाली तस्वीर और मतदाता के मन में बन रही धारणा के बीच दूरी हो सकती है। चुनावी नैरेटिव कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, अंततः मतदाता अपनी परिस्थितियों, अनुभवों और अपेक्षाओं के आधार पर फैसला करता है।

इसलिए भारतीय राजनीति के सामने सबसे बड़ा सवाल यह नहीं है कि किसका नैरेटिव ज्यादा प्रभावशाली है। असली सवाल यह है कि किसका नैरेटिव तथ्यों, कामकाज और जनता के अनुभवों की कसौटी पर खरा उतरता है। क्योंकि लोकतंत्र में नैरेटिव से जनमत प्रभावित हो सकता है, लेकिन जनता के सवालों से बचा नहीं जा सकता। नैरेटिव चुनाव का माहौल बना सकता है, लेकिन शासन की परीक्षा जमीन पर होती है। प्रचार उपलब्धियों को दिखा सकता है, लेकिन जनता के अनुभव को बदल नहीं सकता। राजनीति में धारणा बनाना कला है, लेकिन विश्वास बनाए रखना जिम्मेदारी। सोशल मीडिया पर ट्रेंड होना और जमीन पर स्वीकार्यता होना दो अलग-अलग बातें हैं।

लोकतंत्र में नैरेटिव की उम्र चुनाव तक हो सकती है, लेकिन जमीनी हकीकत का हिसाब पांच साल तक चलता है। लेकिन लोकतंत्र में एक बुनियादी सवाल हमेशा कायम रहेगा। क्या धारणा के सहारे लंबे समय तक राजनीति की जा सकती है, या अंततः जमीन पर किया गया काम ही राजनीतिक विश्वसनीयता की असली कसौटी बनेगा? राजनीति में नैरेटिव बनाना नेताओं के हाथ में है, लेकिन उस नैरेटिव को स्वीकार करना है या नहीं, यह फैसला अंततः मतदाता अपने विवेक और जमीन पर मिले अनुभवों के आधार पर करता है।

(ये लेखक के निजी विचार हैं)

End of Article