देश

दीपथून पर आज जलेगा दीप, SC के आदेश के बाद मदुरै पहुंचे CRPF के जवान, PM मोदी का पोस्ट- 'भगवान मुरुगन की जय'

सुप्रीम कोर्ट ने पाया कि तमिलनाडु के अधिकारियों ने विवादित स्तंभ पर अनुष्ठान की अनुमति देने वाले अपने पूर्व आदेश का प्रथम दृष्टया ‘जानबूझकर उल्लंघन’ किया था। उच्चतम न्यायालय ने अपने पूर्व के आदेश की प्रथमदृष्टया जानबूझकर अवहेलना किए जाने की बात कहते हुए 15 अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किए।

Image

दीपथून पर दीप जलाने का सुप्रीम कोर्ट ने दिया निर्देश।

Photo : PTI

Thirupparankundram row: तमिलनाडु के मदुरै जिले की तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून स्तंभ पर दोबारा दीप प्रज्वलित करने का सुप्रीम कोर्ट का आदेश मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को भगवान मुरुगन का आह्वान किया। प्रधानमंत्री मोदी ने तमिल में पोस्ट किया, 'भगवान मुरुगन की जय भगवान मुरुगन की जय। भगवान मुरुगन की जय।' दरअसल, शुक्रवार को सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने एक बार फिर निर्देश दिया कि शनिवार को दीपाथून में कार्तिकई दीपम का दीप प्रज्वलित किया जाए।

कोर्ट ने पाया-आदेश का जानबूझकर हुआ उल्लंघन

कोर्ट ने पाया कि तमिलनाडु के अधिकारियों ने विवादित स्तंभ पर अनुष्ठान की अनुमति देने वाले अपने पूर्व आदेश का प्रथम दृष्टया ‘जानबूझकर उल्लंघन’ किया था। उच्चतम न्यायालय ने अपने पूर्व के आदेश की प्रथमदृष्टया जानबूझकर अवहेलना किए जाने की बात कहते हुए 15 अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किए। इनमें मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के अधिकारी, मदुरै के जिलाधिकारी और मंदिर के पांच न्यासी शामिल हैं।

24 नवंबर को होना था दीप प्रज्ज्वलन

20 नवंबर के आदेश में कार्तिकई दीपम उत्सव के दिन 24 नवंबर को दीपाथून में दीप प्रज्वलित करने की अनुमति दी गई थी, हालांकि इसके बजाय पारंपरिक उची पिल्लैयार मंडपम में दीप प्रज्वलित किया गया। सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार और मंदिर अधिकारियों पर कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि गैर-अनुपालन खुलेआम और जानबूझकर अवज्ञा के बराबर है। कोर्ट ने चेतावनी दी कि इस स्थिति से संवैधानिक अराजकता फैल सकती है और कहा कि ऐसे मामलों से सख्ती से निपटने का समय आ गया है।

मुरुगन के भक्तों के लिए एक ऐतिहासिक विजय-नितिन नवीन

इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए इसे भगवान मुरुगन के भक्तों के लिए एक ऐतिहासिक विजय बताया। नितिन नवीन ने शुक्रवार को तिरुपरंकुंद्रम दीपथून में दीप प्रज्ज्वलन के निर्देश देने वाले सुप्रीम कोर्ट के आदेश का स्वागत करते हुए इसे भगवान मुरुगन के प्रत्येक भक्त के लिए एक ऐतिहासिक विजय और भारत की पवित्र परंपराओं को बनाए रखने के उनके अधिकार की पुष्टि बताया। नवीन ने कहा कि पहाड़ी पर स्थित दीपथून में दीप प्रज्ज्वलन की सुविधा प्रदान करने के सुप्रीम कोर्ट के निर्देश से यह पुनः सिद्ध होता है कि प्रशासनिक शक्ति का दुरुपयोग धार्मिक परंपराओं को कमजोर करने या भक्तों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए नहीं किया जा सकता है। कोई भी राजनीतिक षड्यंत्र भारत की पवित्र परंपराओं को नहीं रोक सकता।

CM विजय ने की उच्चस्तरीय बैठक, सीआरपीएफ के जवान मदुरै पहुंचे

दीपथून पर पारंपरिक दीप जलाने का उच्चतम न्यायालय द्वारा आदेश दिए जाने के बाद तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने शुक्रवार शाम मुख्य सचिव एम. साई कुमार, वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। इस बीच, उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुसार तिरुप्परनकुंद्रम में तैनाती के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान शुक्रवार रात मदुरै पहुंच गए। ऐसी चर्चा थी कि राज्य सरकार भारत के प्रधान न्यायाधीश से इस मामले में हस्तक्षेप करने का अनुरोध कर सकती है। हालांकि, उच्चतम न्यायालय के निर्देश के बाद राज्य सरकार ने अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री द्वारा बुलाई गई बैठक में हुई चर्चा पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

अंतरिम आदेश को ‘संघवाद के खिलाफ' बताया

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की तमिलनाडु इकाई के सचिव पी षणमुगम ने शुक्रवार को तिरुप्परनकुंद्रम कार्तिगई दीपम मामले में उच्चतम न्यायालय के अंतरिम आदेश को 'हैरान करने वाला’और 'संघवाद के खिलाफ’ बताया तथा प्रधान न्यायाधीश से इस मामले पर संज्ञान लेने एवं आदेश में सुधार करने का आग्रह किया। षणमुगम ने एक बयान में कहा कि अंतरिम आदेश 'न्याय प्रशासन की व्यवस्था के अनुरूप नहीं था।’बयान में कहा गया, 'जब मामले के मुख्य सवाल का जवाब देने वाला अंतिम फैसला नहीं आया है, तो इतना कठोर अंतरिम आदेश किसी भी तरह से स्वीकार्य नहीं है।’

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article