दुनिया

रूस का अब तक का सबसे बड़ा रक्षा बजट, यूक्रेन युद्ध खत्म करने के मूड में नहीं पुतिन

रूस की संसद ने 2027-29 के लिए अब तक का सबसे बड़ा रक्षा बजट पास किया है। पुतिन सरकार अगले तीन साल में सेना पर अरबों डॉलर खर्च करेगी, जबकि स्वास्थ्य, पेंशन और नागरिक सुविधाओं के बजट में कटौती होगी।

Image

पुतिन ने रूस की सेना के लिए अब तक का सबसे बड़ा रक्षा बजट पास किया है। (AI Generated Image)

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भले ही रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) से यूक्रेन युद्ध को आगे न बढ़ाने की अपील कर रहे हों, लेकिन रूस के ताजा फैसले से फिलहाल युद्ध खत्म होने के आसार कम नजर आ रहे हैं। रूस की संसद ने 2027 से 2029 तक के लिए नया बजट पास किया है। इसमें रक्षा और सैन्य खर्च के लिए बड़ी रकम रखी गई है। बताया जा रहा है कि सोवियत संघ के दौर के बाद यह रूस का अब तक का सबसे बड़ा रक्षा बजट (Defence Budget) है।

अगले तीन साल में रूस अपने सेना पर खर्च करेगा इतना धन

नए बजट के तहत रूस अगले तीन साल में राष्ट्रीय रक्षा पर करीब 606 अरब डॉलर खर्च करेगा। यह रकम पिछले तीन साल के बजट में रखे गए सैन्य खर्च से लगभग 121 अरब डॉलर ज्यादा है। ऐसे समय में जब अमेरिका युद्ध रोकने की कोशिश कर रहा है, रूस का इतना बड़ा रक्षा बजट उसकी सैन्य तैयारियों और यूक्रेन में जारी युद्ध को लेकर अलग ही संकेत दे रहा है।

2022 से अब तक कितना खर्च कर चुका है रूस?

रूस ने फरवरी 2022 में यूक्रेन पर बड़े स्तर पर सैन्य हमला शुरू किया था। इसके बाद से अब तक वह अपनी सेना और युद्ध से जुड़ी गतिविधियों पर करीब 710 अरब डॉलर खर्च कर चुका है। नए बजट के हिसाब से यह खर्च 2027 के अंत तक बढ़कर करीब 918 अरब डॉलर हो सकता है। वहीं, 2028 के अंत तक इसके लगभग 1.1 ट्रिलियन डॉलर और 2029 के अंत तक 1.3 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा होने का अनुमान है। इन आंकड़ों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि यूक्रेन युद्ध रूस की अर्थव्यवस्था पर कितना बड़ा आर्थिक बोझ डाल रहा है। इसके बावजूद रूसी सरकार सैन्य खर्च में कटौती करने के बजाय इसे और बढ़ाने की तैयारी में है।

सेना के खर्च के लिए जनता और कंपनियों पर बढ़ेगा बोझ

इतने बड़े सैन्य खर्च का इंतजाम करने के लिए पुतिन सरकार ने कमाई के नए रास्ते तलाशने शुरू कर दिए हैं। इसके तहत खनन कंपनियों पर अतिरिक्त टैक्स लगाया जाएगा। साथ ही नागरिकों के निवेश से होने वाली कमाई से भी सरकार ज्यादा राजस्व जुटाने की कोशिश करेगी। इसका मतलब है कि युद्ध का आर्थिक बोझ सिर्फ सरकार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कारोबारियों और आम लोगों पर भी इसका असर पड़ सकता है।

स्वास्थ्य, पेंशन और दूसरी सुविधाओं के बजट में कटौती

रक्षा बजट बढ़ाने के लिए रूस सरकार कई नागरिक सुविधाओं पर खर्च कम करने जा रही है। नए बजट के मुताबिक, आवास और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े खर्च में 8 फीसदी की कटौती होगी। स्वास्थ्य सेवाओं के बजट में 3 फीसदी और पेंशन समेत सामाजिक सहायता पर होने वाले खर्च में 6 फीसदी की कमी की जाएगी। इससे साफ है कि रूस में सैन्य जरूरतों को नागरिक सुविधाओं से ज्यादा प्राथमिकता दी जा रही है। देश की अर्थव्यवस्था भी धीरे-धीरे सैन्य खर्च पर ज्यादा निर्भर होती जा रही है। कुल मिलाकर, रूस का नया रक्षा बजट संकेत देता है कि पुतिन सरकार फिलहाल यूक्रेन युद्ध के लिए लंबे समय तक तैयार रहने की रणनीति पर काम कर रही है। ट्रंप की शांति की अपील के बीच सैन्य खर्च में इतनी बड़ी बढ़ोतरी से यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या आने वाले समय में रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध खत्म होने की उम्मीद और मुश्किल हो जाएगी?

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article