देश

प्रवासी मजदूरों की हत्या: लश्कर आतंकी लतीफ की तलाश तेज, डोडा जिले में भी लगे पोस्टर, सिर पर Rs 15 लाख का इनाम

जम्मू कश्मीर पुलिस ने कश्मीर घाटी के अलग-अलग हिस्सों में लतीफ के पोस्टर जारी कर उसकी जानकारी देने वाले को 15 लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की है। वहीं, लतीफ की तलाश का दायरा बढ़ा दिया गया है।

Image

लश्कर आतंकी लतीफ की तलाश तेज।

Jammu and Kashmir: जम्मू कश्मीर के कश्मीर घाटी में एक पुलिस कर्मी और दो गैर कश्मीरी मजदूरों की हत्या करने वाले लश्कर आतंकी लतीफ की तलाश तेज हो गई है। जम्मू कश्मीर पुलिस ने कश्मीर घाटी के अलग-अलग हिस्सों में लतीफ के पोस्टर जारी कर उसकी जानकारी देने वाले को 15 लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की है। वहीं, लतीफ की तलाश का दायरा बढ़ा दिया गया है। लतीफ की तलाश के लिए जम्मू कश्मीर पुलिस ने जम्मू संभाग के डोडा जिलों में उसके पोस्टर लगाए हैं। लतीफ की तलाश इन इलाकों में भी की जा रही है।

पुलिस ने आतंकी लतीफ की जानकारी देने वाले को 15 लाख रुपये इनाम देने की बात लिखी है। उसके बारे में जानकारी देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।

कुलगाम जिले में दो प्रवासी मजदूरों की हत्या

बीते 31 जुलाई को दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने अपने कायराना मंसूबो अंजाम दिया। यहां आतंकियों ने एक बार फिर गैर-स्थानीय मजदूरों पर गोलीबारी की। दक्षिण कश्मीर के केल्लम इलाके में स्थित एक ईंट-भट्ठे पर हुए इस आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों को मौत हो गई। 24 वर्षीय मजदूर दीपक रात्रे की मौत हो गई, जबकि गोली लगने से गंभीर रूप से घायल उनके साथी 28 वर्षीय भूपेंद्र को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में भूपेंद्र ने भी दम तोड़ दिया। मजदूरों की मौत पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शोक जताया। घटना के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर सुरक्षा बलों ने आतंकियों की तलाश में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया।

10 दिन पहले आतंकियों ने पुलिस अधिकारी को मारी थी गोली

यह हमला ऐसे समय हुआ है जब 10 दिन पहले ही अनंतनाग शहर में आतंकियों ने एक पुलिस अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इससे पहले 7 फरवरी 2024 को श्रीनगर के शहीद गंज इलाके में पंजाब के दो गैर-स्थानीय मजदूर अमृतपाल सिंह और रोहित मसीह की भी आतंकियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इन घटनाओं ने एक बार फिर कश्मीर में गैर-स्थानीय श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द पकड़ने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है और पूरे इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article